पीएम मोदी के जन्मदिन पर एलएलआरएम में सेवा की पहल

140 दिव्यांगों और बुजुर्गों को मिले सहायक उपकरण, मेडिकल कॉलेज-एनएएस कॉलेज में 174 यूनिट रक्तदान; 1000 से अधिक दीपों से बनाई श्रृंखला

मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में बुधवार को विभिन्न सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र (पीएमडी-वीके) में सामाजिक अधिकारिता शिविर लगाया गया। इसमें एडीआईपी और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 140 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए।

शिविर में 40 दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, वॉकर, छड़ी आदि उपकरण दिए गए, जबकि 100 वरिष्ठ नागरिकों को आयु संबंधी सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इनमें डिजिटल श्रवण यंत्र, एलएस बेल्ट और नी-ब्रेस समेत अन्य उपकरण शामिल रहे। कार्यक्रम जिला प्रशासन और मेडिकल कॉलेज के सहयोग से तथा एएलआईएमसीओ की कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में आयोजित हुआ।

मेडिकल कॉलेज के रक्तकोष विभाग ने मेडिकल कॉलेज और एनएएस कॉलेज में रक्तदान शिविर लगाए। मेडिकल कॉलेज में 56 और एनएएस कॉलेज में 118 यूनिट रक्तदान हुआ। इस प्रकार दोनों शिविरों में कुल 174 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग कॉलेज में छात्राओं ने 1000 से अधिक दीप जलाकर आकर्षक श्रृंखला बनाई। वहीं प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता और एसवीबीपी चिकित्सालय के डॉ. अजीत कुमार ने अस्पताल के वार्डों में मरीजों को फल वितरित किए।

कार्यक्रम में कैंट विधायक अमित अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलुवालिया, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts