रोमांचक मुकाबले में ऋषभ एकेडमी ने जेएमएस को एक विकेट से हराया
इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट से पहले वार्मअप मैच में अजय ने खेली 80 रन की शानदार पारी
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर अक्टूबर के प्रथम सप्ताह से प्रस्तावित प्रथम चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट की तैयारियों के तहत वार्मअप मैच खेले जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को सीनियर वर्ग में ऋषभ एकेडमी स्कूल और जेएमएस वर्ल्ड स्कूल हापुड़ के बीच मुकाबला हुआ। ऋषभ एकेडमी ने रोमांचक मुकाबले में एक विकेट से जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जेएमएस वर्ल्ड स्कूल ने 20 ओवर में 10 विकेट पर 181 रन बनाए। दिव्य ने 39, सुहेल ने 37, आदित्य ने 36, प्रिंस ने 34 और उमंग ने 31 रन बनाए। ऋषभ की ओर से वैभव, रिहान, कुश, हिमांशु और अभिजीत ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषभ एकेडमी की टीम ने 18.5 ओवर में नौ विकेट पर 182 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अजय ने 80 रन की शानदार पारी खेली। आरिश ने 32, अर्नव ने 35 और हिमांशु ने 30 रन का योगदान दिया। जेएमएस की ओर से आदित्य और अविरल ने तीन-तीन, जबकि यश और अली ने दो-दो विकेट लिए।
क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि शुक्रवार को भी सीनियर वर्ग में एक वार्मअप मैच खेला जाएगा। टूर्नामेंट के लिए कई टीमें पंजीकरण करा चुकी हैं और जल्द ही प्रतिभागी टीमों के नाम घोषित किए जाएंगे।

No comments:
Post a Comment