जडोदा स्कूल में सुरक्षा ऑडिट के बाद छात्रों और शिक्षकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

मेरठ, 17 सितंबर। उच्च प्राथमिक विद्यालय जडोदा में स्कूल सुरक्षा ऑडिट के बाद आयोजित आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण में विशेषज्ञ मुकुंद वल्लभ शर्मा ने आकाशीय बिजली और सर्पदंश से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली की चमक के समय पेड़, तालाब, बिजली व टेलीफोन के खंभों तथा तारों से दूर रहना चाहिए। हाथ में मौजूद लोहे या धातु की वस्तु को भी तत्काल दूर रख देना चाहिए।

उन्होंने बताया कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या सपेरे के चक्कर में समय बर्बाद करने के बजाय पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए। काटे गए स्थान को साबुन से अच्छी तरह धोने की सलाह भी दी।

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर सरकारी विद्यालयों में स्कूल सुरक्षा ऑडिट कराया जा रहा है। जडोदा में टीम ने रसोई, शौचालय, पेयजल, स्वच्छता, दिव्यांग सुविधाओं, कक्षों, स्टाफ रूम, गतिविधि कक्ष, गेट-खिड़कियों, टीवी और इमरजेंसी लाइट आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। आवश्यक जानकारी ऑनलाइन शासन को भेजी गई।

ऑडिट टीम में सिविल इंजीनियर अभिषेक त्यागी और फायर विशेषज्ञ विवेक कुमार शामिल रहे। प्रशिक्षण में भूकंप, शीतलहर, लू, सड़क सुरक्षा, नाव दुर्घटना और बाढ़ समेत विभिन्न आपदाओं से बचाव के तरीके बताए गए। विद्यालय प्रधानाचार्य अकबर हुसैन समेत शिक्षक, रसोइया, अनुदेशक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कंपोजिट स्कूल गोविंदपुर शकरपुर में भी दूसरी टीम ने सुरक्षा ऑडिट और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts