मधुमक्खियों के हमले से पेड़ से गिरा युवक, इलाज के दौरान मौत

पसवाड़ा पेपर मिल में शहद निकालने पेड़ पर चढ़ा था राहुल; परिजनों ने प्रबंधन पर सूचना देने में देरी का लगाया आरोप, 17 लाख की आर्थिक मदद पर मामला शांत

मेरठ। पसवाड़ा पेपर मिल परिसर में बुधवार को शहद निकालने के लिए पेड़ पर चढ़े युवक पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। हमले से घबराया युवक नीचे उतरने की कोशिश में पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। कंपनी कर्मचारी उसे बागपत रोड स्थित केएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी मिलने पर परिजन और कर्मचारी मिल के बाहर पहुंच गए और हंगामा किया।



मधुमक्खियों के हमले के बाद फिसला पैर

बताया गया कि सरधना थाना क्षेत्र के इकड़ी गांव निवासी राहुल बुधवार को कंपनी परिसर में लगे पेड़ पर शहद निकालने के लिए चढ़ा था। इसी दौरान मधुमक्खियों ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से राहुल घबरा गया और नीचे उतरने के दौरान उसका पैर फिसल गया। वह पेड़ से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

कंपनी के कर्मचारी उसे तत्काल केएमसी अस्पताल ले गए। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने लगाया सूचना देने में देरी का आरोप

राहुल की मौत की खबर मिलने के बाद उसके परिजन और कंपनी के कर्मचारी मिल के बाहर पहुंच गए। परिजनों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। राहुल के जीजा सतीश ने आरोप लगाया कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे सुपरवाइजर विकास के बुलाने पर राहुल कंपनी गया था। हादसा दोपहर में हुआ, लेकिन परिजनों को इसकी जानकारी रात में दी गई, तब तक राहुल अस्पताल में भर्ती था और उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने पुलिस से घटना की जांच कर राहुल की मौत की वास्तविक वजह सामने लाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

राहुल की शादी वर्ष 2020 में हुई थी। उसके परिवार में पत्नी के अलावा तीन साल की बेटी माहिरा और सात महीने की बेटी चंदा हैं। उसकी मौत के बाद दोनों मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। मां सुनीता का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

40 लाख की मांग, 17 लाख की मदद पर बनी सहमति

घटना के बाद परिजनों ने मिल प्रबंधन से आर्थिक सहायता की मांग को लेकर काफी देर तक प्रदर्शन किया। बताया गया कि परिजनों ने 40 लाख रुपये की मांग रखी थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच 17 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी। इसके बाद परिजनों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts