दो दिन से होटल के कमरे में बंद था युवक, फंदे पर लटका मिला शव
शामली का विपुल 15 सितंबर को खालसा होटल में ठहरा था; दुर्गंध आने पर कर्मचारियों ने पुलिस को दी सूचना, कमरे से मिलीं बीयर की पांच बोतलें
मेरठ। सदर बाजार क्षेत्र स्थित खालसा होटल के कमरे में गुरुवार सुबह 29 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। युवक की पहचान शामली के पंजाबी कॉलोनी निवासी विपुल शर्मा के रूप में हुई है। वह 15 सितंबर की शाम होटल में कमरा लेकर ठहरा था। इसके बाद उसे कमरे से बाहर आते-जाते नहीं देखा गया। गुरुवार सुबह कमरे से तेज दुर्गंध आने पर होटल कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो विपुल का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कमरे से मिलीं बीयर की पांच बोतलें
पुलिस के मुताबिक कमरे की तलाशी के दौरान बीयर की पांच बोतलें मिलीं। इनमें दो भरी और तीन खाली थीं। कमरे से मिले अन्य सामान को भी जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे और आसपास से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस का कहना है कि शव की स्थिति और कमरे से आ रही दुर्गंध के आधार पर मौत 15 सितंबर को होटल पहुंचने के दिन या उसके आसपास होने की आशंका है। हालांकि मौत का सही समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
तीन दिन से लापता था विपुल
परिजनों के अनुसार विपुल करीब तीन दिन से लापता था। परिवार के लोग लगातार मोबाइल पर उससे संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन फोन स्विच ऑफ था। होटल में कमरा लेते समय विपुल ने आधार कार्ड दिखाया था और उसकी फोटो कॉपी होटल में जमा की गई थी।
विपुल मेरठ में हाइडल विभाग में कार्यरत बताया जा रहा है। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस होटल कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि होटल पहुंचने के बाद विपुल से कोई मिलने आया था या नहीं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
परिजनों की ओर से मिली जानकारी के अनुसार विपुल का परिवार में किराए पर रहने वाले एक परिवार से विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस तरह के विवाद की जानकारी होने से इनकार किया है।
सहारनपुर में स्टेनो हैं बड़े भाई
विपुल के परिवार में माता-पिता और बड़ा भाई मणि शर्मा हैं। मणि शर्मा सहारनपुर में एडीएम के स्टेनो बताए जा रहे हैं। पुलिस को मणि का ही मोबाइल नंबर मिला था, जिस पर घटना की सूचना दी गई। वह सहारनपुर से मेरठ के लिए रवाना हो गए हैं। उनके पहुंचने के बाद पुलिस परिजनों से भी विस्तृत जानकारी लेगी।
पुलिस फिलहाल मामले को आत्महत्या के तौर पर जांच रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

No comments:
Post a Comment