बीच समंदर में भारतीय युद्धपोत से टकराया पाकिस्तानी जहाज, राजनयिक तलब

उत्तर अरब सागर में हुई घटना, भारत ने पाकिस्तानी नौसैनिक इकाई के व्यवहार को बताया ‘अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर’

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच उत्तर अरब सागर में दोनों देशों की नौसैनिक इकाइयों के बीच टक्कर की घटना सामने आई है। 15 सितंबर की शाम भारतीय नौसेना का एक फ्रंटलाइन युद्धपोत नियमित निगरानी मिशन पर था, इसी दौरान पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज उसके करीब आ गया और दोनों के बीच टक्कर हो गई। घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

घटना के बाद भारत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को नई दिल्ली में पाकिस्तान के कार्यवाहक उच्चायुक्त (Charge d’Affaires) को तलब किया। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी नौसैनिक इकाई के समुद्र में व्यवहार को ‘अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर’ बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।

सुरक्षित दूरी बनाए रखने पर उठे सवाल

रिपोर्टों के मुताबिक, भारतीय युद्धपोत नियमित निगरानी अभियान पर था। इसी दौरान पाकिस्तानी जहाज तेज गति से भारतीय पोत के करीब आया और दोनों के बीच पर्याप्त दूरी नहीं रह सकी। टक्कर की सटीक तकनीकी परिस्थितियों और दोनों जहाजों के नाम की आधिकारिक जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।

भारत ने पाकिस्तानी नौसैनिक इकाई के आचरण को 1991 में दोनों देशों के बीच हुए सैन्य गतिविधियों से संबंधित समझौते के प्रावधानों के विपरीत बताया है। मामले को लेकर भारत ने पाकिस्तान से भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न होने की अपेक्षा जताई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts