परीक्षा तनाव से निपटने के टिप्स, छात्रों को सिखाए मेडिटेशन और टाइम मैनेजमेंट
मेरठ। एनएच-58 रुड़की बाईपास स्थित वेकूटेश्वरा वर्ल्ड स्कूल में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क परामर्श एवं मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। वरिष्ठ काउंसलर डॉ. कीर्ति त्यागी ने विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी चिंता, तनाव, परीक्षा के डर, शैक्षणिक दबाव, भावनात्मक एवं व्यवहार संबंधी समस्याओं, आत्मविश्वास की कमी तथा समय प्रबंधन जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
डॉ. कीर्ति त्यागी ने कहा कि परीक्षा के दौरान तनाव होना सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन मेडिटेशन और बेहतर समय प्रबंधन के माध्यम से तनाव, घबराहट और परीक्षा के डर को कम किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेडिटेशन और टाइम मैनेजमेंट के आसान तरीके बताए। साथ ही गुस्से और भावनाओं को नियंत्रित करने, कम समय में बेहतर तैयारी करने तथा कठिन विषयों को सरलता से समझने के उपयोगी टिप्स साझा किए।कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने बेझिझक अपनी समस्याएं रखीं और विशेषज्ञ से मार्गदर्शन प्राप्त किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या संजया वालिया ने डॉ. कीर्ति त्यागी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सत्र से विद्यार्थियों के मानसिक तनाव, डर और चिंता को कम करने के साथ-साथ उनमें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए आत्मविश्वास भी बढ़ा है।




No comments:
Post a Comment