युवक का गला काटने वाले आरोपी का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
मुंडाली में पुलिस की घेराबंदी पर आरोपी ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल; अवैध संबंधों के विरोध पर साजिद की हत्या की कोशिश का आरोप
मेरठ। मुंडाली थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और युवक का गला काटकर हत्या के प्रयास के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। अजराड़ा गांव में गंगा एक्सप्रेस-वे के काली नदी पुल के नीचे पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर खरखौदा सीएचसी में भर्ती कराया है।
मुठभेड़ में घायल आरोपी की पहचान हापुड़ के ईदगाह रोड निवासी कफील पुत्र लईक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कफील 24 सितंबर को इलाहाबाद मढ़ैया गांव के जंगल में ई-रिक्शा चालक साजिद अहमद पर हुए जानलेवा हमले के मामले में वांछित था। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
घेराबंदी होते ही पुलिस पर चलाई गोली
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार-बुधवार की रात वांछित आरोपियों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से कफील के अजराड़ा स्थित काली नदी पुल के नीचे मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर कफील ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके से पकड़ लिया गया। उसके खिलाफ मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी का अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
पहले गयासुद्दीन हो चुका गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को हापुड़ के मजीदपुरा निवासी गयासुद्दीन को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल छुरी भी बरामद की गई थी। पूछताछ और विवेचना के दौरान पुलिस के सामने कफील का नाम भी आया था।
अवैध संबंधों के विरोध पर हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को साजिद अहमद पर इलाहाबाद मढ़ैया के जंगल में हमला किया गया था। आरोप है कि अवैध संबंधों का विरोध करने पर उसे गन्ने के खेत में ले जाया गया और चाकुओं से हमला करने के बाद उसकी गर्दन पर छुरी से वार किया गया। गंभीर रूप से घायल साजिद का मेरठ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
पुलिस अब गिरफ्तार कफील से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और हमले की पूरी वजह की जांच कर रही है।

No comments:
Post a Comment