केसरगंज मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान से पुलिस अलर्ट
मंडी गेट पर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद, मस्जिद के आसपास अतिरिक्त फोर्स तैनात; केसरगंज बाजार भी बंद
मेरठ। केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पाठ करने संबंधी वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंगलवार को मस्जिद और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। एहतियात के तौर पर मंडी के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया, जबकि केसरगंज बाजार भी बंद रहा।
वायरल वीडियो में गाजियाबाद के हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और ललित शर्मा की ओर से मस्जिद के पास हनुमान चालीसा पाठ करने की बात कही गई थी। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी। स्थानीय व्यापारियों ने भी बाहरी लोगों के आने से माहौल प्रभावित होने की आशंका जताते हुए पुलिस की मौजूदगी बनाए रखने की मांग की।
मुतवल्ली ने एसएसपी कार्यालय में दी शिकायत
मस्जिद के मुतवल्ली जुबेर ने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया गया कि करीब एक माह पहले मस्जिद के ऊपरी हिस्से में निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने शिकायत की थी। निर्माण को अवैध बताते हुए शिकायत के बाद काम रोक दिया गया था। इसी मामले के बाद अब हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान का वीडियो सामने आया है।
सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मस्जिद के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है। पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी सूचना की पुष्टि किए बिना उसे प्रसारित नहीं करने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment