पति-पत्नी ने मिलकर युवक की चाकू-हथौड़े से हत्या की
भीड़ ने दोनों को पकड़ा, बड़ौत की खत्री वाली गली का मामलाबागपत।बड़ौत की खत्री गली में बुधवार को दिनदहाड़े युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। शिकोपुर गांव निवासी 35 वर्षीय दीपेंद्र की सामने चाय की दुकान चलाने वाले पति-पत्नी ने मिलकर चाकू और हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों ने आरोपी पति-पत्नी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
शिकोपुर गांव निवासी दीपेंद्र नगर की खत्री गली में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर काम करता था। बुधवार को वह दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान सामने चाय की दुकान चलाने वाले पति-पत्नी से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पति-पत्नी ने दीपेंद्र पर चाकू और हथौड़े से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से दीपेंद्र की मौत हो गई।
हमला होते देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने दोनों आरोपी पति-पत्नी को पकड़ लिया और पुलिस के पहुंचने पर उन्हें सौंप दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दीपेंद्र के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दीपेंद्र और आरोपी पति-पत्नी के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था। पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
सीओ अंशु जैन ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह कथित अवैध संबंध और उससे जुड़ा विवाद सामने आया है। महिला के अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की बात भी जांच में सामने आई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर घटना का पूरा खुलासा किया जाएगा।



No comments:
Post a Comment