यमुना एक्सप्रेसवे पर धू-धूकर जली स्लीपर बस, 9 की मौत
‘जूते पहनने तक का मौका नहीं मिला’—खिड़की तोड़कर निकली लड़की ने सुनाई खौफनाक दास्तान
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर दयानतपुर गांव के पास दिल्ली से महोबा जा रही डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई। हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बस से छलांग लगाकर जान बचाई।
हादसे में बची यात्री रिंकी राजपूत ने बताया कि वह बस में सो रही थी। इसी दौरान किसी ने गेट बजाया तो वह बाहर निकलने के लिए उठी। उस समय बस में अफरातफरी मची थी और बाहर निकलने के लिए यात्रियों की भीड़ लगी थी। रिंकी के मुताबिक, उसने अपना सामान तक नहीं उठाया और जूते पहनने का भी मौका नहीं मिला। वह केवल मोबाइल लेकर बाहर निकली। भीड़ में किसी व्यक्ति ने उसे खींचकर बस से बाहर निकाला। इसके बाद उसे कुछ याद नहीं है।
रिंकी ने बताया कि आग ड्राइवर की सीट के पास लगी थी। उसके पीछे भी बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे, जिनमें से कई के बाहर निकलने की आशंका नहीं है।
करीब आधे घंटे में बुझी आग
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम, पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। आग पर काबू पाने के लिए चार दमकल वाहनों के साथ पानी के टैंकर लगाए गए। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। इसके बाद बस को ठंडा कर अंदर फंसे यात्रियों की तलाश की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के दौरान बस से पटाखे जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही थीं।
20 मिनट तक रोका गया यातायात
हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से जेवर टोल और फलेदा कट के पास करीब 20 मिनट तक यातायात रोक दिया गया। आग बुझने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव और जांच में जुटे रहे।
परमिट से लेकर चालक के लाइसेंस तक जांच
पुलिस के अनुसार बस कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी और इसका पंजीकरण नंबर BR32 PA8647 बताया गया है। बस राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही है। पुलिस अब बस के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, चालक के लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। बिहार नंबर की इस बस के वास्तविक मालिक की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
हादसे में अब तक आठ पुरुष और एक महिला समेत नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

No comments:
Post a Comment