गैंगरेप के आरोप के बाद 19 वर्षीय छात्रा ने जहर खाकर दी जान

अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी से डरी छात्रा ने उठाया कदम; पांच आरोपी हिरासत में, एक फरार

झांसी। गुरसराय थाना क्षेत्र में गैंगरेप के आरोप और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी से डरी 19 वर्षीय बीए छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा की 22 सितंबर को उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर को छात्रा बाड़े में चारा लेने गई थी। आरोप है कि वहां सुशील और उसके पांच साथियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और बाद में उसे कमरे में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने कथित तौर पर अश्लील फोटो और वीडियो भी बनाए और घटना के बारे में किसी को बताने पर उन्हें वायरल करने की धमकी दी।

परिजनों के अनुसार, घर लौटने के बाद छात्रा काफी सहमी हुई थी और उसने पूरी घटना बताई। बदनामी और वीडियो वायरल होने के डर से उसने चूहा मारने की दवा खा ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे गुरसराय सीएचसी ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार के अनुसार, छात्रा और मुख्य आरोपी की पहले से पहचान थी और दोनों के बीच बातचीत होती थी। पुलिस ने छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोपों में केस दर्ज किया है। घटनास्थल का निरीक्षण, ग्रामीणों से पूछताछ और पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई गई है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts