बांग्लादेश को 40 रन से हराकर फाइनल में पहुंची टीम इंडिया
लगातार 10वीं बार खिताबी मुकाबले में जगह
दुबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 40 रन से हराकर महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही भारत ने टूर्नामेंट के इतिहास में लगातार 10वीं बार फाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड कायम रखा। 2004 में एशिया कप के पहले संस्करण से लेकर अब तक भारतीय टीम हर बार खिताबी मुकाबले में पहुंची है।
पहले सेमीफाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 149 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 109 रन ही बना सकी। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके।
शैफाली वर्मा ने खेली 64 रन की पारी
मुश्किल पिच पर भारतीय बल्लेबाजों को रन बनाने में परेशानी हुई, लेकिन शैफाली वर्मा ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 44 गेंदों पर 64 रन की पारी खेली, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे। बांग्लादेश की फील्डिंग भी कमजोर रही और शैफाली को तीन बार जीवनदान मिला। टीम ने कुल चार कैच छोड़े, जिसका उसे खामियाजा भुगतना पड़ा।
प्रतिका रावल ने 24 गेंदों में 20 रन बनाए, जबकि ऋचा घोष ने 16 गेंदों में 21 रन की उपयोगी पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 28 गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाए और अंत में दो छक्के लगाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
गेंदबाजों ने बांग्लादेश को 109 रन पर रोका
150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने दबाव में नजर आई। दीप्ति शर्मा की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालते हुए बांग्लादेश को सात विकेट पर 109 रन तक सीमित कर दिया। भारत ने 40 रन से मुकाबला जीतकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
आठवीं बार खिताब जीतने पर नजर
फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। भारतीय टीम अब रिकॉर्ड आठवीं बार महिला एशिया कप का खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

No comments:
Post a Comment