जर्जर मकान के मलबे में मिला कंकाल, पुलिस जांच में जुटी

चार दिन पहले बारिश में ढहा था मकान, नगर निगम की जेसीबी से मलबा हटाते समय निकला कंकाल

मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के शारदा रोड पर गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब चार दिन पहले ढहे एक जर्जर मकान के मलबे से कंकाल बरामद हुआ। नगर निगम की टीम जेसीबी से मलबा हटवा रही थी। इसी दौरान कर्मचारियों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। मलबा हटाने पर कंकाल दिखाई दिया। सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

बताया गया कि शारदा रोड स्थित सोहनलाल का मकान करीब 10 साल से बंद था। मकान लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ा था। रविवार को बारिश के दौरान अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया था। मलबा सड़क पर गिरने से किनारे खड़ी तीन कारें भी क्षतिग्रस्त हो गई थीं। मकान गिरने की घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी।

जेसीबी से मलबा हटाते समय मिली हड्डियां

गुरुवार शाम नगर निगम की टीम जेसीबी से मकान का मलबा हटवा रही थी। इसी दौरान दुर्गंध आने पर कर्मचारियों ने मलबे को सावधानी से हटाया तो कंकाल नजर आया। कंकाल मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाजार के लोगों ने मामले की जांच की मांग करते हुए हंगामा भी किया।

मानव या जानवर का कंकाल, जांच के बाद होगी पुष्टि

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंकाल को कब्जे में ले लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बरामद कंकाल मानव का है या किसी जानवर का। पुलिस आवश्यक परीक्षण के लिए कंकाल भेजने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही मकान के मलबे और आसपास के क्षेत्र की भी जांच की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कंकाल मलबे में कितने समय से मौजूद था और उसकी वास्तविक स्थिति क्या है। जांच और परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts