भाजपा शासित राज्यों के मंत्रियों का 3 सितंबर को प्रशिक्षण शिविर, सुशासन और नीतियों पर होगा मंथन
पार्टी मुख्यालय में चार सत्रों में होगा आयोजन, करीब 25 मंत्रियों के शामिल होने की संभावना; केंद्रीय योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और जल प्रबंधन पर रहेगा जोर
नई दिल्ली, 2 सितंबर 2026।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों के मंत्रियों के लिए 3 सितंबर को पार्टी मुख्यालय में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। चार सत्रों में होने वाले इस शिविर में भाजपा शासित राज्यों के करीब 25 मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बीएल संतोष और विनय सहस्त्रबुद्धे मंत्रियों को प्रशिक्षण देंगे।
केंद्रीय योजनाओं और नीतियों पर फोकस
सूत्रों के अनुसार, प्रशिक्षण शिविर में केंद्रीय योजनाओं और सरकार की नीतियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। मंत्रियों को सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने और उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ने के तरीकों पर भी चर्चा होगी। मंत्रियों को अपने-अपने राज्यों में सुशासन को और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जल प्रबंधन और भूजल संरक्षण पर भी चर्चा
शिविर में जल प्रबंधन, भूजल संरक्षण और सिंचाई से जुड़े मुद्दों पर भी मंथन होगा। जल संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और जल संरक्षण को लेकर राज्यों में किए जा रहे प्रयासों को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात संभव
प्रशिक्षण शिविर के बाद सभी करीब 25 मंत्रियों के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने की भी संभावना है।
उल्लेखनीय है कि केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करने तथा ‘जल सुरक्षित भारत’ और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जल शक्ति मंत्रालय की ओर से 1 और 2 सितंबर को नई दिल्ली स्थित सुषमा स्वराज भवन में पहला विभागीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दो दिवसीय सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और मंत्री भी शामिल हुए।


No comments:
Post a Comment