मेरठ में 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल, निजी बैंक खुले रहेंगे
सरकारी बैंकों की करीब 40 फीसदी शाखाओं में जारी रहेगा कामकाज, ग्राहकों की सुविधा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती
मेरठ। जिले में 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित बैंक हड़ताल के बीच ग्राहकों को पूरी तरह बैंकिंग सेवाओं से वंचित नहीं होना पड़ेगा। हड़ताल में शामिल और इससे बाहर रहने वाली यूनियनों के कारण बैंकिंग व्यवस्था अलग-अलग रहेगी। निजी क्षेत्र के बैंक इन तीनों दिनों में सामान्य रूप से खुले रहेंगे और ग्राहकों को सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।
मेरठ जिले में 530 से अधिक सक्रिय बैंक शाखाएं हैं। इनमें करीब 350 शाखाएं सरकारी क्षेत्र के बैंकों की हैं, जबकि निजी क्षेत्र के 120 से अधिक बैंक शाखाएं संचालित हैं। इसके अलावा ग्रामीण एवं स्मॉल फाइनेंस बैंकों की 60 से अधिक शाखाएं हैं।
40 फीसदी सरकारी शाखाओं में कामकाज
उत्तर प्रदेश बैंक वर्कर्स नेशन के महामंत्री अनुज त्यागी के अनुसार, हड़ताल के बावजूद मेरठ में सरकारी बैंकों की करीब 40 फीसदी शाखाएं खुली रहेंगी। इन शाखाओं में ग्राहकों के लेनदेन और जरूरी बैंकिंग कार्य जारी रहेंगे। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध बैंक कर्मचारी, अधिकारी, कोऑपरेटिव बैंक और ग्रामीण बैंक से जुड़ी यूनियनें हड़ताल में शामिल नहीं हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों की भी तैनाती
ग्राहकों को असुविधा से बचाने के लिए प्रशासनिक कार्यालयों में तैनात वरिष्ठ अधिकारियों को भी शाखाओं में लगाया गया है। इन अधिकारियों की मौजूदगी में शाखाओं में बैंकिंग कार्य और लेनदेन को सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment