गन्ने के खेत में उगाया करोड़ों का गांजा, 240 पौधे बरामद; 60 साल का आरोपी गिरफ्तार
सोलापुर में पुलिस की छापेमारी में 212 किलो गांजा जब्त, बाजार कीमत 1.05 करोड़ रुपये से अधिक; 12 फीट तक ऊंचे थे पौधे
सोलापुर। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में गन्ने के खेत के बीच छिपाकर गांजे की खेती किए जाने का मामला सामने आया है। अक्कलकोट दक्षिण पुलिस ने आलगी गांव में छापेमारी कर गांजे के 240 पौधे बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे का कुल वजन करीब 212 किलो है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 5 लाख 55 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने मौके से 60 वर्षीय मल्लप्पा बिराजदार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार घुगे को सूचना मिली थी कि आलगी गांव में मल्लप्पा बिराजदार के गन्ने के खेत में गांजे की अवैध खेती की जा रही है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने खेत में अचानक छापेमारी की। गन्ने की घनी फसल के बीच गांजे के पौधे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
12 फीट तक ऊंचे थे गांजे के पौधे
छापेमारी के दौरान खेत से बरामद गांजे के पौधों की ऊंचाई करीब 12 फीट तक बताई गई है। पुलिस ने सभी 240 पौधों को कब्जे में लेकर उनका वजन कराया। कुल वजन 212 किलो बताया गया। पुलिस के अनुसार इसकी बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खेत मालिक मल्लप्पा बिराजदार को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है कि खेत में गांजे की खेती कब से की जा रही थी और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
कहां-कहां फैला है नेटवर्क, जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले ही गांजे की खेती कर रहा था या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने किसी अन्य खेत या स्थान पर भी गांजे के पौधे तो नहीं लगाए हैं।
महाराष्ट्र में गन्ने की फसल के बीच गांजे की खेती का यह पहला मामला नहीं है। सितंबर में लातूर जिले के शिरूर अनंतपाल तहसील के बुजरुगवाडी में भी पुलिस ने गन्ने के खेत से गांजे के सात पौधे बरामद किए थे। उस कार्रवाई में करीब 46 किलो 875 ग्राम गांजा जब्त किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत 23 लाख रुपये से अधिक बताई गई थी।
सोलापुर के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। जब्त गांजे और खेती से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के साथ पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

No comments:
Post a Comment