चाकू लगने के बाद भी डटे रहे भारतीय कैप्टन, 180 यात्रियों को बचाने में निभाई अहम भूमिका

फ्लाईदुबई के कॉकपिट में कैप्टन स्मित मछार और को-पायलट के बीच हुई हिंसक झड़प; सऊदी अरब के तबुक में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, दोनों पायलट घायल

रियाद। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कॉकपिट के अंदर हुई हिंसक झड़प के मामले में भारतीय कैप्टन की पहचान स्मित मछार के रूप में सामने आई है। रिपोर्टों के अनुसार, उड़ान के दौरान भारतीय कैप्टन और उनके को-पायलट के बीच हिंसक संघर्ष हुआ। घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर आपातकालीन स्थिति में उतारा गया। विमान में करीब 180 यात्री सवार थे और सभी के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई है।

इजराइली मीडिया रिपोर्टों के अनुसार को-पायलट ओमान का नागरिक था। उस पर कथित तौर पर विमान को नुकसान पहुंचाने या उसे क्रैश करने की कोशिश का संदेह जताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कैप्टन स्मित मछार ने विमान को नियंत्रण से बाहर जाने से रोकने के लिए को-पायलट से संघर्ष किया। बाद में कुछ इजराइली यात्रियों ने भी हस्तक्षेप कर को-पायलट को काबू करने में मदद की।

दोनों पायलट हुए घायल

घटना के दौरान दोनों पायलटों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। तबुक एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। कॉकपिट में हुई झड़प के कारण विमान को अपना निर्धारित मार्ग बदलना पड़ा और उसकी आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।

फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 ने घटना के दौरान इमरजेंसी सिग्नल भेजे थे। विमान के अचानक ऊंचाई कम करने के बाद इजराइली अधिकारियों को शुरुआत में हाईजैक की आशंका हुई। इसके बाद निगरानी के लिए फाइटर जेट्स भेजे गए। हालांकि बाद में इजराइल की ओर से इसे विमान अपहरण की घटना नहीं बताया गया।

जांच में सामने आएगी घटना की वजह

फ्लाईदुबई ने कहा है कि घटना के पीछे की परिस्थितियों और इसके कारणों की औपचारिक जांच की जा रही है। एयरलाइन ने जांच पूरी होने से पहले अटकलें नहीं लगाने की अपील की है। कंपनी के अनुसार घटना का उसकी अन्य उड़ानों के संचालन पर असर नहीं पड़ा है।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विमान में अधिकांश यात्री इजराइली थे। उनके अनुसार उड़ान के दौरान एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया और ऐसा प्रतीत हुआ कि विमान को यात्रियों समेत क्रैश करने का प्रयास किया जा रहा था। हालांकि घटना की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद करीब 180 यात्रियों को राहत मिली। घटना ने उड़ान के दौरान कॉकपिट सुरक्षा और पायलटों के बीच हुई हिंसक झड़प को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts