पोस्टर से नुक्कड़ नाटक तक, पोषण का संदेश दे गए सीसीएसयू के विद्यार्थी

पोषण माह में गृह विज्ञान विभाग ने कराईं विभिन्न प्रतियोगिताएं, नॉन-फायर कुकिंग और डाइट कैंप में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मकता

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग की ओर से पोषण माह के तहत सितंबर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर मेकिंग, नॉन-फायर कुकिंग, ब्लाइंडफोल्ड प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली और डाइट कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों ने पौष्टिक आहार, संतुलित भोजन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए उन्होंने पोषण के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया और दैनिक जीवन में संतुलित एवं पौष्टिक आहार को अपनाने के प्रति जागरूक किया। नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैली के माध्यम से पोषण संबंधी संदेश को विद्यार्थियों से आगे परिवार और समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

संतुलित आहार से मजबूत होती स्वस्थ जीवनशैली

गृह विज्ञान विभाग की समन्वयक प्रो. बिंदु शर्मा ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली की नींव संतुलित और पौष्टिक आहार से मजबूत होती है। विद्यार्थियों के माध्यम से पोषण संबंधी जागरूकता का संदेश परिवार और समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। पोषण माह की गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को पोषण के महत्व की जानकारी देने के साथ उन्हें स्वयं भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रो. बिंदु शर्मा ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर डॉ. निधि चौधरी, डॉ. श्वेता शर्मा, डॉ. इराम मुमताज, नेहा शर्मा, प्रमोद कुमार और गिरिराज उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ पोषण माह के सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts