डिस्कवरयू 2026 से शोभित विविमें नए विद्यार्थियों का भव्य स्वागत
मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय में नए विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय ‘डिस्कवरयू-2026’ विद्यार्थी अभिमुखीकरण एवं परिचय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। ‘ड्रीम-डिस्कवर-डिलीवर’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों का सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्वागत किया गया। फ्लैश मॉब, नृत्य, गायन और बांसुरी वादन ने माहौल को उत्साह और उल्लास से भर दिया।
कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वयं को पहचानने, सपनों को दिशा देने और जीवन का उद्देश्य तय करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, जिज्ञासु बने रहने और चुनौतियों का साहस के साथ सामना करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. वीके त्यागी, प्रति कुलपति प्रो. जयानंद, श्री वासु शोभित, श्री अभिनव शोभित, सुश्री वंशिका शेखर, श्री वंश शेखर और उद्यमी श्री रयान बोस सहित विश्वविद्यालय के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन सत्र में दीप प्रज्वलन, स्वागत संबोधन और ‘शोभितियन संकल्प’ कराया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘ड्रीम बिगर : व्हाट विल यू बिकम बियॉन्ड योर डिग्री?’ विषय पर कुलाधिपति संवाद रहा। वहीं ‘30 सेकंड्स ऑफ मी’, ‘वन ड्रीम’, ‘वन फियर’, ‘वन स्ट्रेंथ आई ब्रिंग’ और ‘वन थिंग आई वांट टू लर्न’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं, सपनों और लक्ष्यों पर विचार करने का अवसर मिला। ‘मीट माय ट्राइब’ गतिविधि ने विभिन्न पृष्ठभूमियों से आए विद्यार्थियों के बीच संवाद और नए संबंधों को बढ़ावा दिया।
‘फ्यूचर एट वर्क-व्हाट नोबडी टेल्स यू इन द क्लासरूम’ सत्र में उद्योग एवं शिक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने करियर, नेतृत्व, उद्यमिता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, असफलताओं से सीखने और बदलती कार्यस्थल आवश्यकताओं पर व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, नवाचार और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की सलाह दी।
विश्वविद्यालय के अनुसार, डिस्कवरयू-2026 का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम से परिचित कराना नहीं, बल्कि उन्हें विश्वविद्यालय की संस्कृति, अवसरों और मूल्यों से जोड़ते हुए उनके व्यक्तित्व एवं भविष्य निर्माण की मजबूत नींव तैयार करना है।


No comments:
Post a Comment