सेवा संकल्प अभियान में 19,149 अनुरक्षण कार्य पूरे, त्योहारों में निर्बाध बिजली पर जोर
मेरठ।पीवीवीएनएल के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चल रहे अनुरक्षण माह में अब तक 19,149 अनुरक्षण कार्य पूरे किए जा चुके हैं। आगामी त्योहारों को देखते हुए उपकेंद्रों, ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों के प्रिवेंटिव मेंटेनेंस पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।
प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने बताया 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक अनुरक्षण माह के रूप में अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विद्युत उपकेंद्रों, ट्रांसफार्मरों और लाइनों में आवश्यक अनुरक्षण एवं सुरक्षा संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य फाल्ट और ब्रेकडाउन की संभावनाओं को कम करना तथा शटडाउन के दौरान विद्युत आपूर्ति में न्यूनतम व्यवधान सुनिश्चित करना है। कार्यालयों और उपकेंद्रों में स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान भी चलाया जा रहा है।
हाल में खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में विद्युत लाइनों एवं उपकेंद्रों पर फाल्ट और ब्रेकडाउन की समस्याएं सामने आईं। निगम की टीमों ने इनका प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया। आवश्यकता वाले क्षेत्रों में प्रबंध निदेशक ने स्वयं स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल कराई।
मुरादाबाद जोन में सर्वाधिक 3,363 कार्य
अनुरक्षण कार्यों के जोनवार आंकड़ों के अनुसार मुरादाबाद जोन में सर्वाधिक 3,363 कार्य पूरे किए गए हैं। बुलंदशहर में 2,754, मुजफ्फरनगर में 2,501, मेरठ प्रथम में 2,059, गजरौला में 1,988, मेरठ द्वितीय में 1,696, गाजियाबाद द्वितीय में 1,533, सहारनपुर में 1,232, नोएडा में 809, गाजियाबाद तृतीय में 801 और गाजियाबाद प्रथम में 413 अनुरक्षण कार्य पूरे किए गए हैं।
25 वरिष्ठ अधिकारी कर रहे स्थलीय निरीक्षण
त्योहारों के दौरान विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए डिस्कॉम के 25 वरिष्ठ अधिकारियों को मेरठ, बागपत, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, बिजनौर और रामपुर समेत विभिन्न वितरण मंडलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए नामित किया गया है। ये अधिकारी अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति के साथ विद्युत व्यवस्था की तैयारियों का मौके पर जायजा ले रहे हैं।
प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगामी त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

No comments:
Post a Comment