राजस्थान निकाय चुनाव में बसपा ने जीतीं 19 सीटें, मायावती ने दी बधाई
बसपा सुप्रीमो का आरोप- दोबारा मतगणना में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग, कई उम्मीदवारों को मामूली अंतर से हराया गया
नई दिल्ली। राजस्थान के निकाय चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की है। परिणाम सामने आने के बाद बसपा सुप्रीमो एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने विजयी उम्मीदवारों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। साथ ही उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए।
मायावती ने कहा कि राजस्थान में बसपा के 19 पार्षद जीतकर आए हैं। उनका दावा है कि कई अन्य बसपा उम्मीदवार भी जीत सकते थे, लेकिन दोबारा मतगणना के दौरान सरकारी मशीनरी की गड़बड़ी के कारण उन्हें मामूली वोटों के अंतर से हरा दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता तो पार्टी का परिणाम और बेहतर हो सकता था।
पंजाब समेत अन्य राज्यों के नतीजों का भी किया जिक्र
बसपा प्रमुख ने कहा कि इससे पहले पंजाब सहित देश के कुछ अन्य राज्यों में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी का प्रदर्शन पहले की तुलना में बेहतर रहा है। उन्होंने इन चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को भी बधाई दी।
मायावती ने उम्मीद जताई कि आने वाले विधानसभा चुनावों के साथ-साथ भविष्य के लोकसभा चुनाव में भी बसपा कार्यकर्ता बेहतर परिणाम हासिल करेंगे।
भाजपा सबसे आगे, कांग्रेस दूसरे स्थान पर
राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार भाजपा ने 4,179 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 3,613 सीटें मिलीं।
अन्य दलों में आम आदमी पार्टी ने 42, सीपीआईएम ने 38, भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने 8 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 63 सीटें जीतीं। निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी 2,273 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं एनपीपी अपना खाता नहीं खोल सकी।
भजनलाल शर्मा ने भाजपा की जीत को बताया जनादेश
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर प्रदेश की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश भाजपा की विकासोन्मुखी सोच, सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता और जनसेवा के संकल्प में जनता के विश्वास को दर्शाता है।

No comments:
Post a Comment