चर्चित IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा मंजूर, 17 साल की नौकरी थी बाकी
सोशल मीडिया पर लिखा- ‘प्रशस्त पुण्य पंथ है, बढ़े चलो, बढ़े चलो’, नई राह की ओर बढ़ने के दिए संकेत
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल का इस्तीफा केंद्र सरकार ने मंजूर कर लिया है। करीब 13 साल तक प्रशासनिक सेवा में रहने के बाद उन्होंने 30 अगस्त को निजी कारणों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और जीवन के नए उद्देश्य का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था। सोमवार देर रात उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस्तीफा मंजूर होने की जानकारी साझा की।
दिव्या मित्तल ने अपने पोस्ट में कवि जयशंकर प्रसाद की प्रसिद्ध पंक्ति- ‘प्रशस्त पुण्य पंथ है, बढ़े चलो, बढ़े चलो’ लिखी। उनके इस संदेश को नई जिंदगी और नई दिशा की ओर बढ़ने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
वैष्णो देवी पहुंचकर मांगा था आशीर्वाद
इस्तीफा मंजूर होने से दो दिन पहले दिव्या मित्तल ने माता वैष्णो देवी के दर्शन किए थे। उन्होंने तस्वीर साझा करते हुए लिखा था- ‘आगे की राह कठिन है... सदबुद्धि देना मां।’ इस पोस्ट के बाद उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
17 साल की नौकरी अभी बाकी थी
2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब 13 वर्ष सरकारी सेवा में बिताए। इस्तीफा देने के समय उनकी लगभग 17 साल की सेवा अभी बाकी थी। उन्होंने IIT दिल्ली से बीटेक और IIM बेंगलुरु से MBA किया। इसके बाद लंदन में नौकरी की, लेकिन आकर्षक कॉरपोरेट करियर छोड़कर भारत लौटीं और UPSC की तैयारी शुरू की।
उन्होंने पहले प्रयास में UPSC परीक्षा पास कर IPS हासिल किया और गुजरात कैडर मिला। IPS की ट्रेनिंग के दौरान IAS की तैयारी जारी रखी और अगले ही साल 2013 में IAS अधिकारी बन गईं।
तीन जिलों की रह चुकी हैं DM
दिव्या मित्तल मिर्जापुर, बस्ती और देवरिया की जिलाधिकारी रह चुकी हैं। सख्त प्रशासनिक शैली और बेबाक रवैये के कारण वह चर्चा में रही हैं। मई में उन्हें देवरिया के जिलाधिकारी पद से हटाकर लखनऊ में राजस्व विभाग का विशेष सचिव बनाया गया था।
पति भी छोड़ चुके हैं सरकारी नौकरी
दिव्या मित्तल के पति गगनदीप सिंह भी सरकारी अधिकारी रह चुके हैं। वह 2011 बैच के भारतीय व्यापार सेवा अधिकारी थे और 2022 में सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे चुके हैं। इसके बाद उन्होंने ‘न्यूरोकैप’ नाम की कंपनी शुरू की।
दोनों की मुलाकात लंदन में नौकरी के दौरान हुई थी। बाद में दोनों ने प्रेम विवाह किया और विदेश की नौकरी छोड़कर भारत लौट आए। अब IAS सेवा से इस्तीफा देने के बाद दिव्या मित्तल किस क्षेत्र में अपनी नई पारी शुरू करती हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

No comments:
Post a Comment