लालबागचा राजा के दरबार में पहुंचे अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर

गणपति के चरण छूकर लिया आशीर्वाद, बोले- ‘यहां की ऊर्जा अद्भुत है’

मुंबई। गणेश चतुर्थी के अवसर पर मुंबई में आस्था का रंग देखते ही बन रहा है। देश-विदेश से लोग प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी सोमवार को मुंबई पहुंचे और लालबागचा राजा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

दर्शन के दौरान सर्जियो गोर ने भगवान गणेश के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसका वीडियो भी सामने आया है। दर्शन के बाद उन्होंने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि यहां आकर वह खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने लालबागचा राजा के दरबार की भव्यता और माहौल की सराहना करते हुए कहा कि यहां की ऊर्जा अद्भुत है।

सर्जियो गोर ने कहा कि ऐसी जीवंत और आस्था से भरी जगहें बहुत कम देखने को मिलती हैं। उन्होंने लोगों से मुंबई के इस धार्मिक उत्सव का अनुभव लेने की अपील भी की।

‘आस्था और समुदाय का जीवंत रूप’

अमेरिकी राजदूत ने सोशल मीडिया पर भी लालबागचा राजा और मुंबईचा राजा के दर्शन का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि यह आस्था और समुदाय का ऐसा जीवंत रूप है, जो सभी लोगों को एक साथ जोड़ता है। उन्होंने गणेश चतुर्थी मनाने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं।

पीएम मोदी ने भी किए गणपति दर्शन

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के आवास पर पहुंचकर गणपति दर्शन किए। पीएम मोदी ने भगवान गणेश से सभी पर कृपा बनाए रखने की कामना की। पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री के आगमन को अपने और परिवार के लिए सौभाग्य बताया और विघ्नहर्ता भगवान गणेश से देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने की प्रार्थना की।

मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान अंबानी परिवार के आवास पर भी विशेष गणपति पूजा का आयोजन हुआ, जिसमें बॉलीवुड की कई हस्तियां शामिल हुईं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts