हापुड़ में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली

तार चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार, छह कुंतल HT लाइन तार और अवैध हथियार बरामद

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में पुलिस और तार चोरी करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके एक साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से करीब छह कुंतल चोरी के विद्युत HT लाइन तार, ऑटो लोडर, अवैध तमंचे और तार काटने के उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को गढ़-स्यान रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध ऑटो लोडर को रोकने का इशारा किया। आरोप है कि वाहन में सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। तीसरे आरोपी को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने मौके से हरे रंग का ऑटो लोडर (UP 14 AFT 7051) बरामद किया। इसके पिछले हिस्से में करीब 14 बंडलों में रखे लगभग छह कुंतल विद्युत HT लाइन के तार मिले। इसके अलावा तार काटने के लिए इस्तेमाल होने वाले बोल्ट कटर और अन्य उपकरण, 315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे भी बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र उर्फ सुंदर निवासी नगला आलमपुर, थाना खानपुर, बुलंदशहर, दीपक निवासी शाहपुर चौधरी, थाना गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ और शेरू उर्फ जयदीप चौधरी निवासी किठौर, मेरठ, हाल निवासी साहिबाबाद, गाजियाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी अभ्यस्त अपराधी हैं और उनके खिलाफ बुलंदशहर, हापुड़ व गाजियाबाद में 60 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें विद्युत अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के मामले भी शामिल हैं। मुख्य आरोपी सुरेंद्र के खिलाफ 40 से अधिक और शेरू के खिलाफ 19 से अधिक मुकदमे बताए गए हैं।

क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर राहुल कुमार ने बताया कि क्षेत्र में लगातार तार चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस और स्वाट टीम सूचना तंत्र के माध्यम से आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी अभियान के दौरान गढ़-स्यान रोड पर चेकिंग के समय मुठभेड़ हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts