दीघा में समुद्र का रौद्र रूप, 15 फीट ऊंची लहरों ने पार की सुरक्षा दीवार

सड़क तक पहुंचा समुद्री पानी, भारी बारिश और ऊंचे ज्वार के बीच प्रशासन अलर्ट; पर्यटकों को समुद्र से दूर रहने की सलाह

दीघा। ओडिशा-पश्चिम बंगाल सीमा पर स्थित दीघा में भारी बारिश के बीच समुद्र का मिजाज अचानक बिगड़ गया। समुद्र में करीब 15 फीट ऊंचा ज्वार उठने से तेज लहरें सुरक्षा दीवार को पार कर सड़क तक पहुंच गईं। समुद्र की ऊंची लहरों और सड़क पर पहुंचते पानी को देखकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों में हलचल मच गई। कई लोग इस नजारे को मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।

डीप डिप्रेशन और पूर्णिमा का असर

बताया जा रहा है कि डीप डिप्रेशन और पूर्णिमा के प्रभाव से समुद्र में तेज ज्वार की स्थिति बनी है। लहरें सामान्य स्तर से काफी ऊपर उठ रही हैं। बड़ी संख्या में पर्यटकों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतते हुए लोगों को समुद्र के पास नहीं जाने और पानी में उतरने से बचने की सलाह दी है। मछुआरों को भी समुद्र में जाने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

दुकानदारों में भी बढ़ी चिंता

समुद्री पानी के सड़क तक पहुंचने से तटीय क्षेत्र के दुकानदारों और कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए कई दुकानदार सामान सुरक्षित स्थानों पर रखने की तैयारी कर रहे हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

14,500 लोगों को राहत केंद्रों में पहुंचाया

ओडिशा के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। नदियों का जलस्तर बढ़ने और कई इलाकों में नुकसान के बाद कुछ जिलों में स्कूल बंद किए गए हैं। निचले और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से करीब 14,500 लोगों को 2,061 राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है। राहत केंद्रों में लोगों को पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में भेजा गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts