नेपाल में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड और हिमस्खलन से 14 की मौत
बागलुंग में मकान मलबे में दबे, हिमलुंग हिमाल पर एवलांच में चार शव मिले; 12 लोग अब भी लापता
काठमांडू। नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बाढ़, लैंडस्लाइड और हिमस्खलन ने तबाही मचा दी है। देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए हादसों में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। कई इलाकों में सड़क संपर्क टूट गया है और राहत-बचाव अभियान जारी है।
बागलुंग में लैंडस्लाइड से 10 मौतें
बागलुंग जिले के तमनखोला, निसीखोला और ताराखोला ग्रामीण नगरपालिकाओं में लैंडस्लाइड से कई मकान और बुनियादी ढांचे मलबे में दब गए। निसीखोला में एक परिवार के चार सदस्यों की भी मौत हुई। अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें प्रभावित इलाकों में तलाश एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
हिमलुंग हिमाल पर एवलांच, 12 लापता
मनांग जिले के नार फू क्षेत्र में 7,126 मीटर ऊंची हिमलुंग हिमाल चोटी के बेस कैंप में हिमस्खलन ने तबाही मचा दी। एवलांच की चपेट में एक टेंट आ गया, जिसमें पर्वतारोही और सहयोगी स्टाफ मौजूद था। हादसे के बाद कई गाइड और श्रमिक लापता हो गए। अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 12 लोगों की तलाश जारी है।
नदियां खतरे के निशान से ऊपर
लगातार बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। नारायणी नदी के किनारे रहने वाले लोगों को भी चेतावनी जारी की गई। कई राजमार्गों पर लैंडस्लाइड के कारण आवागमन बाधित हुआ है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है।
लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर बचाव अभियान में भी बाधा आ रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए राहत दल सावधानी के साथ मलबा हटाने और लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।

No comments:
Post a Comment