खनन विभाग के बाबू ने ली 1.35 लाख की घूस, अफसर के घर मिला लाखों का कैश
शामली में मेरठ विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, खनन अधिकारी और बाबू रंगेहाथ गिरफ्तार; थाने में दो मशीनों से नोटों की गिनती, करीब 60 लाख रुपये मिलने की चर्चा
शामली-मेरठ। खनन विभाग के कार्यालय में गुरुवार को मेरठ विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए खनन अधिकारी सुधाकर और विभागीय बाबू सद्दाम को कथित रूप से 1.35 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद दोनों को आदर्श मंडी थाने लाकर पूछताछ की गई। इसी दौरान खनन अधिकारी के घर की तलाशी में बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की बात सामने आई। विजिलेंस टीम नकदी को थाने लेकर पहुंची, जहां दो मशीनों से नोटों की गिनती कराई जा रही है। बरामद रकम करीब 60 लाख रुपये होने की चर्चा है, हालांकि आधिकारिक तौर पर कुल राशि की पुष्टि नहीं हुई है।
शिकायतकर्ता परमाल के अनुसार, उसने सहालापुर गांव में रेत खनिज से संबंधित एक फाइल स्वीकृत कराने के लिए खनन विभाग में आवेदन किया था। आरोप है कि फाइल पास करने के एवज में उससे रिश्वत मांगी गई। परमाल के मुताबिक, खनन अधिकारी ने सीधे रकम लेने के बजाय बाबू सद्दाम से बात करने को कहा। इसके बाद सद्दाम ही रिश्वत की रकम को लेकर उससे बातचीत कर रहा था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि करीब एक सप्ताह पहले उससे 50 हजार रुपये मांगे गए थे। उसने 21 सितंबर को सद्दाम के खाते में 50 हजार रुपये जमा किए। इसके बाद 85 हजार रुपये नकद देने की बात तय हुई। परमाल ने करीब 20 दिन पहले ही विजिलेंस से रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। इसके बाद टीम ने मामले की जांच कर कार्रवाई की तैयारी की।
गुरुवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय रकम दी, विजिलेंस टीम ने बाबू सद्दाम को पकड़ लिया। पूछताछ में सद्दाम ने कथित तौर पर खनन अधिकारी सुधाकर के कहने पर रकम की बातचीत करने की बात बताई। इसके बाद टीम ने खनन अधिकारी को भी गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान खनन अधिकारी के घर से मिली नकदी को भी विजिलेंस ने कब्जे में लेकर आदर्श मंडी थाने पहुंचाया। एसएचओ के कमरे में दो मशीनों से नोटों की गिनती कराई जा रही है। मौके पर एएसपी सुमित शुक्ला और सीओ सदर जितेंद्र कुमार समेत अधिकारी मौजूद रहे। विजिलेंस की कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

No comments:
Post a Comment