ग्रेटर नोएडा में बाउमा कॉनएक्सपो इंडिया शुरू, 1100 से अधिक कंपनियां जुटीं
14.5 लाख वर्गफुट क्षेत्र में प्रदर्शनी, 100 से अधिक देशों से 75 हजार विजिटर्स पहुंचने की उम्मीद
नोएडा, 15 सितंबर। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर में मंगलवार को चार दिवसीय बाउमा कॉनएक्सपो इंडिया 2026 का शुभारंभ हुआ। कंस्ट्रक्शन और माइनिंग इक्विपमेंट की इस प्रदर्शनी में सरकार, उद्योग जगत, राजनयिक मिशनों और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन समारोह में मेस्से मुएनचेन ग्रुप के सीईओ स्टीफन रुमेल, बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह, भारत में इटली के राजदूत एंटोनियो बार्टोली और जर्मनी के दूतावास के डिप्टी हेड ऑफ मिशन जॉर्ज एंजवाइलर मौजूद रहे।
मेस्से मुएनचेन इंडिया के सीईओ भूपिंदर सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी को मिल रही प्रतिक्रिया से स्पष्ट है कि बाजार निवेश के लिए तैयार है। कंपनियां विकास योजनाओं के साथ पहुंची हैं, जबकि खरीदार नई परियोजनाओं, फ्लीट विस्तार और पुराने उपकरणों को बदलने के लिए मशीनों का आकलन कर रहे हैं।
इंडियन कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक शेट्टी ने कहा कि कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट उद्योग तेजी से बदल रहा है। ग्राहकों की जरूरत के अनुसार अधिक उत्पादक, तकनीक आधारित, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल मशीनों की मांग बढ़ रही है। प्रदर्शनी भारतीय निर्माताओं के आधुनिक समाधानों को सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच है।
बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रविंद्र त्यागी ने कहा कि कॉन्ट्रैक्टर मशीन खरीदने से पहले उसकी उत्पादकता, भरोसेमंद संचालन, स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता और सर्विस नेटवर्क को प्राथमिकता देते हैं। प्रदर्शनी में उन्हें अलग-अलग कंपनियों की मशीनों की तुलना और सीधे निर्माताओं से बातचीत का अवसर मिल रहा है।
प्रदर्शनी का यह आठवां संस्करण पूरी तरह बुक है। 14.5 लाख वर्गफुट क्षेत्र में 1,100 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। 18 सितंबर तक चलने वाली प्रदर्शनी में 100 से अधिक देशों से 75 हजार से ज्यादा विजिटर्स के पहुंचने की उम्मीद है। यहां कॉन्ट्रैक्टर, फ्लीट मालिक, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर और संस्थागत खरीदार मशीनों की उत्पादकता, ईंधन खपत, सुरक्षा, मेंटेनेंस और तकनीकी सहायता का आकलन कर रहे हैं।
बिहार स्टेट पार्टनर के रूप में प्रदर्शनी में शामिल हुआ है। राज्य सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर, कंस्ट्रक्शन और औद्योगिक क्षेत्र में निवेश के अवसरों को निर्माताओं और निवेशकों के सामने रख रही है। चार दिनों में 15 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से खरीदार प्रतिनिधिमंडलों के पहुंचने की उम्मीद है।

No comments:
Post a Comment