स्कूलों की सुरक्षा का होगा पूरा ऑडिट, बच्चों की सुरक्षा पर खास फोकस
श्योल्दा में टीम ने परखी स्कूल की व्यवस्थाएं, कमियों की रिपोर्ट शासन को भेजी; विद्यार्थियों को आपदा से बचाव का प्रशिक्षण
मेरठ, 15 सितंबर। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिले के सरकारी विद्यालयों में स्कूल सुरक्षा ऑडिट अभियान चलाया जा रहा है। टाइम्स प्रो लखनऊ की टीम द्वारा किए जा रहे इस ऑडिट के तहत मंगलवार को माछरा ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय श्योल्दा की सुरक्षा व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया। ऑडिट के बाद आयोजित आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण में आपदा विषय विशेषज्ञ मुकुंद वल्लभ शर्मा ने कहा कि स्कूल सुरक्षा ऑडिट विद्यालयों की दशा सुधारने का ईमानदार प्रयास है। बच्चों की सुरक्षा, बेहतर शिक्षा और सुरक्षित विद्यालय सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि सरकारी व अर्धसरकारी इंटर कॉलेज, उच्च माध्यमिक विद्यालय और प्राथमिक विद्यालयों का सुरक्षा ऑडिट किया जा रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में यह अभियान जोनल कोऑर्डिनेटर देवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में चल रहा है। मेरठ में डीसी नरेंद्र कुमार और आईटी विशेषज्ञ शिवम के सहयोग से ऑडिट प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा रहा है।
रसोई से लेकर इमरजेंसी लाइट तक जांच
श्योल्दा उच्च प्राथमिक विद्यालय में आपदा प्रबंधन विषय विशेषज्ञ मुकुंद बल्लभ शर्मा, सिविल इंजीनियर केशव कुमार और फायर एवं अग्नि सुरक्षा विशेषज्ञ विवेक कुमार ने सुरक्षा ऑडिट किया। प्रधानाध्यापिका सविता शर्मा की मौजूदगी में टीम ने रसोई, शौचालय, पेयजल एवं स्वच्छता, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं, कक्षाओं, स्टाफ रूम, गतिविधि कक्ष, गेट-खिड़कियों की स्थिति, टीवी और इमरजेंसी लाइट समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया।
विद्यालय में जिन सुविधाओं की कमी अथवा आवश्यकता सामने आई, उनकी जानकारी संकलित कर शासन को ऑनलाइन भेजी गई। साथ ही विद्यालय प्रधानाध्यापिका को भी आवश्यक सुधारों से अवगत कराया गया।
सर्पदंश, भूकंप और बाढ़ से बचाव की दी जानकारी
ऑडिट के बाद आयोजित आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण में विद्यालय के स्टाफ, रसोइयों, अनुचर, अनुदेशकों और विद्यार्थियों को सर्पदंश, आकाशीय बिजली, भूकंप, शीतलहर, लू, सड़क सुरक्षा, नाव दुर्घटना और बाढ़ जैसी आपदाओं से बचाव के तरीके बताए गए। मुकुंद वल्लभ शर्मा ने आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
शाहकुलीपुर स्कूल में भी सुरक्षा ऑडिट
शर्मा ने बताया कि दूसरी टीम ने आपदा विषय विशेषज्ञ अमित शर्मा के साथ उच्च माध्यमिक विद्यालय शाहकुलीपुर में भी सुरक्षा ऑडिट किया। प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर शर्मा, सहायक अध्यापक नीरज कुमार, सहायक अध्यापिका आंचल शर्मा और अनुचर जितिन कुमार के सहयोग से फायर एक्सपर्ट हर्षवर्धन तथा सिविल इंजीनियर विनीत कुमार ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मुकुंद बल्लभ शर्मा ने कहा कि ऑडिट का मूल उद्देश्य विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर सविता शर्मा, चंचल रानी, ओम, रुचि, पूजा, मुक्ति प्रकाश, हरितोष शर्मा, राजीव कुमार, सेतिया त्यागी, निशी गुप्ता समेत विद्यालय के रसोइये और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



No comments:
Post a Comment