जहरीली शराब से 11 की मौत, 24 अस्पताल में भर्ती
सागर के चार गांवों में मचा हड़कंप, कई मरीजों की हालत गंभीर; छह शराब दुकानों को सील कर सैंपल लिए
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली-अवैध शराब पीने से अब तक 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 24 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुरुआती तौर पर करीब 35 लोगों को अस्पताल लाया गया था। गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया कि शनिवार रात घूघर, नौराज, बराज और आसपास के गांवों के कुछ लोगों ने शराब पी थी। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कई लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचे मरीजों के शरीर नीले पड़ने और अकड़न की शिकायत सामने आई है।
घटना के बाद प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्क्रीनिंग कर रही हैं। शराब पीने वाले लोगों को जांच के लिए अस्पताल लाया जा रहा है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि पिछले 24 से 48 घंटे में शराब पीने वाले व्यक्ति में किसी तरह के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल जांच कराएं।
आधे घंटे में बिगड़ी हालत
बमुराबेड़ा गांव के रामकुमार दांगी ने बताया कि उनके चचेरे भाई की भी मौत हुई है। उन्होंने कहा कि उनके गांव में चार लोगों की मौत हुई है। तीन लोगों ने साथ में शराब पी थी, जिसके बाद अचानक उनका शरीर ठंडा पड़ने लगा और करीब आधे घंटे में उनकी मौत हो गई।
छह शराब दुकानें सील
मौतों की सूचना के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी प्रभावित गांवों में पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एहतियातन क्षेत्र की छह शराब दुकानों को सील कर सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शराब पीने के बाद उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर देरी न करें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं।


No comments:
Post a Comment