नहर से 10 दिन बाद मिला देवर-भाभी का शव

 प्यार में चुनी मौत, एक साथ लगाई थी छलांग

एटा (एजेंसी)।कासगंज सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मनौटा निवासी कृष्णकांत (29 वर्ष) और उसकी भाभी प्रियंका (24 वर्ष) के बीच चल रहे प्रेम संबंधों ने आखिरकार दोनों की जान ले ली। 10 दिन तक नहर में तलाश के बाद गुरुवार सुबह मिरहची थाना क्षेत्र की कुटेना हजारा नहर में उन दोनों देवर-भाभी के शव उतराए मिले, जिन्होंने समाज के डर से एक साथ मौत को गले लगा लिया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 सितंबर की सुबह पीआरवी-7910 को सूचना मिली कि नदरई स्थित हजारा नहर के पिकनिक पॉइंट पर एक लावारिस थैली पड़ी है। जब पुलिस ने थैली खोली तो उसमें एक पर्स, जेवर, प्रियंका की पासपोर्ट साइज फोटो, ड्राइविंग लाइसेंस, 4 एटीएम कार्ड, एक जोड़ी लेडीज कपड़े और 5 हजार रुपये नकद मिले। जांच में पता चला कि यह सामान मनौटा गांव निवासी कृष्णकांत और उसकी भाभी प्रियंका का है।

जांच में सामने आया कि मृतक के भाई पंकज ने वर्ष 2021 में अपने ही गांव की प्रियंका से प्रेम विवाह किया था। पति-पत्नी काम की तलाश में हरियाणा चले गए। मई 2025 से मई 2026 तक पंकज, उसकी पत्नी प्रियंका और छोटा भाई कृष्णकांत अंबाला में एक ही कमरे में साथ रहने लगे। इसी दौरान देवर-भाभी के बीच नजदीकियां बढ़ीं और अवैध संबंध बन गए। जब बड़े भाई को इसकी भनक लगी तो घर में कलह शुरू हो गई।
 
कृष्णकांत 6 सितंबर को सुबह घर से दवाई लेने की बात कहकर निकला था। उधर हरियाणा के पानीपत में काम करने वाला उसका बड़ा भाई पंकज जब रात को अपने कमरे पर पहुंचा तो उसकी 4 साल की मासूम बच्ची अकेली पड़ी थी और पत्नी प्रियंका गायब थी। पंकज ने भाई को फोन किया तो उसने कहा कि भाभी उसके साथ दिल्ली में है, चिंता मत करो।
 
लेकिन रात 3 बजे आए उस आखिरी फोन कॉल ने सब कुछ बदल दिया। कृष्णकांत ने भाई को बताया कि वे दोनों नदरई हजारा नहर पर हैं और जान देने जा रहे हैं। भाभी प्रियंका ने भी फोन पर बात कर माफी मांगी। पंकज ने मैसेज कर बहुत समझाया, लेकिन दोनों ने फोन बंद कर नहर में छलांग लगा दी। तब से पीएसी की फ्लड कंपनी लगातार दोनों की तलाश कर रही थी।

10 दिन बाद गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे मिरहची थाना क्षेत्र के कुटेना गांव के पास हजारा नहर में दो शव उतराते हुए ग्रामीणों ने देखे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी मिरहची निरीक्षक विदेश राठी ने शवों को बाहर निकलवाया। शिनाख्त कासगंज के मनौटा गांव निवासी कृष्णकांत और प्रियंका के रूप में हुई।

दोनों के हाथ बंधे हुए मिले
मिरहची थाना प्रभारी विदेश राठी ने बताया कि हजारा नहर में शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मृतक सगे देवर-भाभी थे। थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों के हाथ बंधे हुए मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts