50 हजार की रिश्वत लेते सीबीआई के हत्थे चढ़ा आरोपी

बैंक्वेट हॉल पर कार्रवाई रोकने के लिए एक्साइज इंस्पेक्टर को प्रभावित करने का आरोप, घर की तलाशी में 67 लाख रुपये नकद बरामद

नई दिल्ली। सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने दिल्ली में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विक्रम उर्फ राधे/विक्रम कुमार के रूप में हुई है। सीबीआई के मुताबिक आरोपी एक बैंक्वेट हॉल संचालक से रिश्वत की मांग कर रहा था। कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर से 67 लाख रुपये नकद बरामद हुए, जिन्हें जांच एजेंसी ने जब्त कर लिया है।

छापेमारी नहीं होने देने के नाम पर मांगे थे पैसे

सीबीआई के अनुसार बैंक्वेट हॉल संचालक की शिकायत पर कार्रवाई की गई। आरोप है कि विक्रम कुमार ने बैंक्वेट हॉल पर छापेमारी नहीं होने देने के लिए संबंधित एक्साइज इंस्पेक्टर को प्रभावित करने के नाम पर 50 हजार रुपये मांगे थे।

शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्रांच ने जाल बिछाया। आरोपी को 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए पकड़ लिया गया। सीबीआई ने उसके खिलाफ 18 सितंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7ए के तहत मामला दर्ज किया है।

घर की तलाशी में मिले 67 लाख रुपये

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम ने आरोपी के घर की तलाशी ली। इस दौरान 67 लाख रुपये नकद बरामद हुए। एजेंसी ने रकम को जब्त कर लिया है। इतनी बड़ी नकदी मिलने के बाद सीबीआई अब इसके स्रोत और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

बेंगलुरु में भी रिश्वत का मामला

इसी बीच बेंगलुरु में भी रिश्वतखोरी का एक मामला सामने आया है। पीटीआई के अनुसार लोकायुक्त की कार्रवाई में केंद्रीय जीएसटी के एक अधीक्षक पर आठ लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। आरोप है कि केंद्रीय जीएसटी से जुड़े एक मामले में शिकायतकर्ता के खिलाफ लंबित कार्रवाई को खत्म करने के लिए कथित तौर पर रकम मांगी गई थी। मामले में लोकायुक्त की ओर से जांच की गई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts