SCRIET में बीटेक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की रिपोर्टिंग शुरू, नए सपनों के साथ कैंपस पहुंचे छात्र
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित सर छोटू राम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SCRIET) में बीटेक प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों की रिपोर्टिंग शुरू हो गई। उत्तर प्रदेश टेक्निकल एडमिशन काउंसलिंग (UPTAC) के माध्यम से सीट आवंटित होने के बाद विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ संस्थान पहुंचे और प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी कीं। रिपोर्टिंग के पहले दिन विद्यार्थियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
रिपोर्टिंग के दौरान विद्यार्थियों के दस्तावेज सत्यापन, प्रवेश पुष्टि, शुल्क जमा करने, अकादमिक परामर्श सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराई गईं। संस्थान के संकाय सदस्यों और कर्मचारियों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। साथ ही उन्हें आधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं, केंद्रीय पुस्तकालय, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट गतिविधियों, नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति समेत विश्वविद्यालय परिसर में उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय सुविधाओं की जानकारी दी गई।
SCRIET वर्ष 2002 से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के संघटक संस्थान के रूप में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संस्थान में वर्तमान में कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन, केमिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग में बीटेक कार्यक्रम संचालित हैं।
इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ अनुसंधान, नवाचार, प्रायोगिक प्रशिक्षण, उद्योगोन्मुखी कौशल और रोजगारपरक शिक्षा प्रदान की जाती है। संस्थान AICTE से अनुमोदित है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में अपनी पहचान रखता है।
संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज सिंघल ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि SCRIET में विद्यार्थियों को केवल तकनीकी शिक्षा तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता, व्यक्तित्व विकास और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने के अवसर भी दिए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुभवी संकाय, आधुनिक अधोसंरचना और उद्योग-शिक्षा सहयोग को लगातार मजबूत कर रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आने वाले दिनों में नवप्रवेशित विद्यार्थियों की रिपोर्टिंग जारी रहेगी।


No comments:
Post a Comment