सुनीता राजवार ने किया ‘ओकल्ट सीरीज़ एवं गुलाबो अवॉर्ड्स 2026’ का शुभारंभ, ‘निरावधी’ काव्य संग्रह का हुआ विमोचन

देहरादून, 4 अगस्त। समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, साहित्यकारों, उद्यमियों और विभिन्न क्षेत्रों में प्रेरणादायी योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित ‘ओकल्ट सीरीज़ एवं गुलाबो अवॉर्ड्स 2026’ का भव्य आयोजन देहरादून में हुआ। कार्यक्रम का आयोजन निरावधी एवं फिक्की फ्लो की ओर से किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री सुनीता राजवार रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसमें सुनीता राजवार, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, भाजयुमो की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, ‘नमक वाली’ ब्रांड की संस्थापक शशि जी, फिक्की फ्लो उत्तराखंड की चेयरपर्सन तृप्ति बहल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।

समारोह की शुरुआत संगीतमय प्रस्तुति, स्वागत संबोधन, श्लोक वाचन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और काव्य पाठ से हुई। इस अवसर पर ‘निरावधी’ काव्य संग्रह ‘कवि और कविता’ का भी भव्य विमोचन किया गया। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने पुस्तक का लोकार्पण करते हुए साहित्य को समाज का दर्पण बताया और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान ओकल्ट सीरीज़ अवॉर्ड्स, गुलाबो अवॉर्ड्स, विशेष सम्मान एवं स्पेशल अवॉर्ड्स प्रदान किए गए।

ओकल्ट सीरीज़ अवॉर्ड्स के तहत कोमल, मानसी, अनुभूति, अमृता, आचार्या वर्षा मट्टा, रतिका खेरा, मनीषा और अनु टंडन को सम्मानित किया गया।

वहीं गुलाबो अवॉर्ड्स से श्रद्धा एवं करण, शिल्पा अरोड़ा, मीतू बंसल, जागृति टंडन, गीतिका ओबेरॉय, मेघा अग्रवाल, अर्चना सिंघल, बिंदु एवं नैना, शानू अग्रवाल, इरा एच. मथपाल, मनीत सूरी, लुबना मिर्जा, समीक्षा, पूजा अग्रवाल और मीतू रस्तोगी को सम्मानित किया गया।

अन्य सम्मान के अंतर्गत प्रिया गुलाटी, स्मृति लाल और डॉ. शिखा भास्कर को सम्मान मिला। वहीं विशेष सम्मान फिल्म अभिनेत्री सुनीता राजवार, नविताल्या और जेएसआर ग्रुप ऑफ होटल्स को प्रदान किया गया।

‘ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देते हैं प्रेरणा’

मुख्य अतिथि सुनीता राजवार ने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने वाले ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। कला, साहित्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किए जाने से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।

आयोजक प्राची चंद्र ने कहा कि ओकल्ट सीरीज़ एवं गुलाबो अवॉर्ड्स का उद्देश्य उन व्यक्तित्वों को सम्मानित करना है, जो अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। यह मंच महिलाओं, साहित्यकारों, उद्यमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और व्यापक स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में समय प्रबंधन की जिम्मेदारी मोहित शौर्य एवं श्रीकांत श्री जी ने निभाई। सफल आयोजन में कोऑर्डिनेटर मयूर कंडवाल, अंकुर भट्ट और सानिया राणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

समारोह के अंत में सभी सम्मानित अतिथियों और पुरस्कार विजेताओं का अभिनंदन किया गया। समूह छायाचित्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts