60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात, यूपी रोडवेज में मुफ्त सफर का रास्ता साफ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलने का रास्ता साफ हो गया है। योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट में इस योजना के लिए राज्य सड़क परिवहन निगम को प्रतिकर भुगतान के तौर पर 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। भाजपा ने अपने लोक कल्याण संकल्प पत्र में इसका वादा किया था।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश की बड़ी संख्या में वरिष्ठ महिलाओं को धार्मिक, सामाजिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए यात्रा करने में आर्थिक राहत मिलेगी। योजना का उद्देश्य बुजुर्ग महिलाओं को सुविधाजनक और सम्मानजनक आवागमन उपलब्ध कराना है।
महिला कल्याण विभाग को 1094.40 करोड़ की अतिरिक्त राशि
अनुपूरक बजट में महिला कल्याण विभाग के लिए 1094.40 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान किया गया है। इसमें निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं को मजबूती देने पर जोर दिया गया है।
निराश्रित महिला पेंशन योजना के लिए 930 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य पति की मृत्यु के बाद आर्थिक संकट का सामना कर रही पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लिए 110 करोड़
अनाथ और विशेष परिस्थितियों में रह रहे बच्चों के शिक्षा, भरण-पोषण और समग्र विकास के लिए उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत 110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
वहीं, रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के लिए 54.30 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इससे पीड़ित महिलाओं और बच्चों को समयबद्ध सहायता और संरक्षण उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
शक्ति समृद्धि योजना को भी बजट में जगह
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री शक्ति समृद्धि योजना के लिए अनुपूरक बजट में 10 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
सरकार का कहना है कि महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सामाजिक संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए इन योजनाओं को मजबूत किया जा रहा है। 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए रोडवेज में मुफ्त यात्रा की सुविधा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


No comments:
Post a Comment