हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भाजपा की जिला कार्यशाला, 12 अगस्त से मंडलों में निकलेगी तिरंगा यात्रा

मेरठ। हरमन सिटी स्थित भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय पर जिला इकाई की मासिक बैठक और हर घर तिरंगा अभियान एवं तिरंगा यात्रा को लेकर जिला कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और कार्यकर्ताओं को अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यशाला के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी मानसिंह गोस्वामी रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह पाल ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री मुकेश शास्त्री ने किया।

हर घर तिरंगा बना राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन : मानसिंह गोस्वामी

मुख्य वक्ता मानसिंह गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ हर घर तिरंगा अभियान अब राष्ट्रभक्ति के जनआंदोलन का रूप ले चुका है। अभियान ने प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता की भावना को मजबूत किया है।

उन्होंने कहा कि देशवासी हर वर्ष की तरह इस बार भी हर्ष और उल्लास के साथ राष्ट्र उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त, समृद्ध, सुरक्षित और एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को आगे बढ़ाते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है।

12 अगस्त से मंडलों में तिरंगा यात्रा

जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह पाल ने बताया कि 12 अगस्त से सभी मंडलों में और 13 अगस्त को जिला स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। 13 से 15 अगस्त तक पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता घरों, प्रतिष्ठानों, स्कूल-कॉलेजों और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।

उन्होंने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति तथा संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राष्ट्र निर्माताओं के योगदान को याद किया जाएगा। इसके जरिए समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

युवा मोर्चा की रहेगी अग्रणी भूमिका

तिरंगा यात्रा में भाजपा युवा मोर्चा की प्रमुख भूमिका रहेगी। यात्राओं में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने के लिए प्रबुद्धजन, विशेषजन, सेवानिवृत्त सैनिक एवं सुरक्षा कर्मी, सेलिब्रिटी, सामाजिक संगठन, युवा संगठन और महिलाओं को भी आमंत्रित किया जाएगा।

महाविद्यालयों और विद्यालयों के छात्रों को भी तिरंगा यात्रा में व्यापक रूप से शामिल किया जाएगा। वहीं शहीद स्मारकों और वीर सपूतों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर इसके बाद पुष्पांजलि और माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सैनिकों और पुलिसकर्मियों के परिवारों का होगा सम्मान

जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रत्येक मंडल में देश की सेवा में प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों और पुलिसकर्मियों के परिवारों से संपर्क कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। साथ ही तिरंगा फहराने के फोटो और सेल्फी नमो ऐप, सरल ऐप और सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे।

तिरंगा यात्राएं करीब 1 से 2 किलोमीटर की होंगी। यात्राएं शहीद स्मारकों से शुरू होकर शहर और गांवों के प्रमुख स्थानों से गुजरेंगी।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस

कार्यशाला में बताया गया कि 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों और महत्वपूर्ण स्थानों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर व्यापक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।

वहीं 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिलों में मौन जुलूस निकाला जाएगा। जिला स्तर पर विभाजन विभीषिका के विषय पर संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा।

कार्यशाला के अंत में जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह पाल ने सभी जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

ये कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष हरवीर सिंह पाल, जिला प्रभारी एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, हरेंद्र जाटव, क्षेत्रीय मंत्री इंद्रपाल सिंह, अंकुर राणा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदर पाल सिंह, जयवीर सिंह, जिला महामंत्री भंवर सिंह तोमर, अंकुर मुखिया, जिला उपाध्यक्ष संजीव बंसल, फिरेराम धनतला, आशीष प्रताप सिंह, जिला मंत्री मुकेश शास्त्री, उदय प्रताप सिंह, डॉ. जेवीएस चिकारा, जिला मीडिया प्रभारी संजीव राणा, कुलदीप तोमर, जिला आईटी संयोजक विनय शर्मा, पंचायत सदस्य ऋषि त्यागी, सुनील प्रधान, मोर्चा के जिला अध्यक्ष विपेंद्र सुधा वाल्मीकि, आयुष चपराना, मंडल अध्यक्ष विनोद जैन, मनिंदर विहान, धीर सिंह, मोनू, मुनेन्द्र, अनुज नागर सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts