मवाना गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग पर डीएम-एसएसपी का निरीक्षण, बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा में न हो कोई चूक
मेरठ। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए मेरठ जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने अधिकारियों के साथ मवाना गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इन स्थानों का किया निरीक्षण
डीएम और एसएसपी ने शिव मंदिर रामराज, शाहपुर बटावली, मवाना नहर पुल, झारखंडी शिव मंदिर और शाहजहांपुर पुल कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मार्ग पर सड़क मरम्मत और पेचवर्क, शुद्ध पेयजल, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की स्थिति देखी।
इसके अलावा नहर क्षेत्र में गोताखोर और मोटरबोट की उपलब्धता तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी जांची गई।
जिम्मेदारी में लापरवाही पर सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग के लिए जिस अधिकारी या विभाग को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
लगातार निगरानी कर रहा प्रशासन
कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए प्रशासन की ओर से पूरे मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश और आपातकालीन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का उद्देश्य है कि कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का माहौल मिले तथा कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सीडीओ नूपुर गोयल, एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment