परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए NTA का बड़ा एक्शन, 50 से ज्यादा कर्मचारी हटाए

नई दिल्ली, 17 अगस्त। परीक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही खामियों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, NTA अब तक 50 से अधिक कर्मचारियों को हटा चुका है। इसके साथ ही एजेंसी में कई अहम पदों पर पेशेवरों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव, NTA के महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में परीक्षा व्यवस्था में सुधार और NTA की ओर से अब तक उठाए गए कदमों की समीक्षा की गई।

10 अहम पदों पर पेशेवरों की नियुक्ति

मंत्रालय के मुताबिक, NTA ने चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO), चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO), चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर (CISO), जनरल मैनेजर (एग्जाम सिक्योरिटी) और जनरल मैनेजर (R&D एवं साइकोमेट्रिक्स) समेत 10 पेशेवर पदों के लिए विज्ञापन जारी किया है। इन पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया फिलहाल जारी है।

इसके अलावा साइबर सिक्योरिटी, साइकोमेट्रिक्स, प्रश्नपत्र तैयार करने और अन्य विशेषज्ञ क्षेत्रों में निजी क्षेत्र के विषय विशेषज्ञों को भी शामिल किया जा रहा है। इससे पहले NTA चार नए जनरल मैनेजर और 16 यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति के लिए भी विज्ञापन जारी कर चुका है।

परीक्षा प्रोटोकॉल में सख्ती के निर्देश

बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को मौजूदा परीक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोपनीय संचालन ढांचे, अलग कमरों की व्यवस्था, एयर-गैप्ड सिस्टम और उपकरण जमा करने की प्रक्रिया में व्यापक बदलाव को तेजी से लागू करने को कहा।

NTA को सभी परीक्षा प्रक्रियाओं का विस्तृत ऑडिट कराने और सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए सुधारात्मक कदमों की रिपोर्ट तैयार करने का भी निर्देश दिया गया है।

UGC-NET में सवालों की गलतियों के बाद बढ़ी चुनौती

NTA की परीक्षा व्यवस्था पर यह कार्रवाई ऐसे समय में हो रही है जब UGC-NET परीक्षा के तीन विषयों के प्रश्नपत्रों में कई गलतियां सामने आने के बाद दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है। ऐसे में परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना एजेंसी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts