BJP की नई राष्ट्रीय टीम में बड़ा फेरबदल, अमित मालवीय समेत 22 पुराने चेहरे बाहर
नई दिल्ली, 17 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए सोमवार को अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में नई टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में कई नए चेहरों को जगह दी गई है, जबकि संगठन में अहम जिम्मेदारियां संभाल रहे 22 पुराने नेताओं को उनके मौजूदा पदों पर जगह नहीं मिली है।
नई सूची में सबसे ज्यादा चर्चा अमित मालवीय, पंकजा मुंडे, सरोज पांडे और लक्ष्मीकांत वाजपेयी जैसे प्रमुख नेताओं को लेकर है। हालांकि, नई जिम्मेदारियों में कई पुराने चेहरों को भी बरकरार रखा गया है और कुछ नेताओं को प्रमोशन दिया गया है।
अमित मालवीय समेत इन 22 नेताओं को नहीं मिली जगह
नई राष्ट्रीय टीम में जिन प्रमुख नेताओं को उनके पुराने संगठनात्मक पदों पर जगह नहीं मिली, उनमें राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, दुष्यंत गौतम और राधा मोहन दास अग्रवाल शामिल हैं।
इसके अलावा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से सरोज पांडे, डीके अरुणा, एम. चूबा आओ, अब्दुल्लाकुट्टी, लक्ष्मीकांत वाजपेयी और लता उसेंडी को भी हटाया गया है।
राष्ट्रीय सचिवों में अरविंद मेनन, पंकजा मुंडे, अलका गुर्जर, ओम प्रकाश धुर्वे, नरेंद्र सिंह, कामाख्या प्रसाद तासा, सुरेंद्र नागर, ओम प्रकाश धनक और मनजिंदर सिंह सिरसा को नई सूची में उनके पुराने पद नहीं मिले हैं।
कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल और संयुक्त कोषाध्यक्ष नरेश बंसल भी नई टीम में इस जिम्मेदारी पर नहीं हैं। वहीं IT सेल के संयोजक अमित मालवीय और मीडिया सेल के सह-संयोजक संजय मयूख को भी पुरानी जिम्मेदारी नहीं दी गई है।
स्मृति ईरानी को बड़ी जिम्मेदारी
नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है। डी. पुरंदेश्वरी को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा रेखा वर्मा, बैजयंत पांडा और तारिक मंसूर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर बने हुए हैं। लाल सिंह आर्य को एससी मोर्चा अध्यक्ष पद से प्रमोट करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
संगठन में कई नेताओं को प्रमोशन
सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शिव प्रकाश इस पद पर बरकरार हैं। हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल भी राष्ट्रीय महासचिव के पद पर बने हुए हैं।
पीयूष गोयल की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के रूप में वापसी हुई है। वहीं कविता पाटीदार और संगीता यादव को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
महिला मोर्चा की अध्यक्ष के रूप में रूप कुमारी चौधरी को जिम्मेदारी मिली है। प्रीति गांधी को सोशल मीडिया को-कन्वीनर बनाया गया है। तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
मीडिया टीम में भी बदलाव किया गया है। प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया को-कन्वीनर बनाया गया है। ऋतुराज सिन्हा को प्रकोष्ठ संकुल का को-कन्वीनर बनाया गया है।
नई टीम में पुराने और नए चेहरों के संतुलन के साथ संगठन की जिम्मेदारियों का पुनर्विन्यास किया गया है। अब इन बदलावों का असर आगामी चुनावों और पार्टी के संगठनात्मक विस्तार पर कितना पड़ता है, इस पर राजनीतिक नजरें रहेंगी।


No comments:
Post a Comment