पश्चिम बंगाल में एसटीएफ का बड़ा एक्शन
पाकिस्तानी खुफिया एजेंट राणा रऊफ का सहयोगी गिरफ्तार
कोलकाता (एजेंसी)।पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने सोमवार को कथित पाकिस्तानी खुफिया एजेंट राणा रऊफ के एक संदिग्ध सहयोगी को गिरफ्तार किया। जिसे पहले कोलकाता से संचालित होने वाले एक कथित जासूसी नेटवर्क के संबंध में पकड़ा गया था। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान इमरान के रूप में हुई है और उसे शहर के टॉपसिया इलाके में एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ अधिकारी के अनुसार, इमरान ने कथित तौर पर रऊफ को जाली दस्तावेजों का उपयोग करके भारतीय पासपोर्ट प्राप्त करने के प्रयासों में मदद की थी।
अधिकारी ने बताया कि एसटीएफ को संदेह है कि इस ऑपरेशन में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं और वे उनका पता लगाने के लिए काम कर रहे हैं। एसटीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह गिरफ्तारी रऊफ की ओर से कोलकाता में कथित तौर पर बनाए जा रहे नेटवर्क की जांच का हिस्सा है।
अधिकारी ने कहा, 'जांच में पता चला है कि इमरान कथित तौर पर रऊफ को भारतीय पासपोर्ट के लिए दस्तावेज जुटाने में मदद कर रहा था। हम नेटवर्क के अन्य सदस्यों के साथ उसके संबंधों की जांच कर रहे हैं और जांच के दौरान बरामद दस्तावेजों और अन्य सामग्री का सत्यापन कर रहे हैं।'
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा में गिरफ्तार किए गए रऊफ के बारे में एसटीएफ को संदेह है कि वह पाकिस्तान के फैसलाबाद का मूल निवासी है। जांचकर्ताओं का आरोप है कि उसके संबंध पाकिस्तान की अंतर-सेवा खुफिया एजेंसी (आईएसआई) से थे। इसके साथ ही उसने नेपाल में कई साल बिताने के बाद 2012 में जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके भारत में प्रवेश किया था।


No comments:
Post a Comment