MLC धर्मेंद्र भारद्वाज नेCM योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात
मेरठ के विकास और कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा
मेरठ/लखनऊ, 6 अगस्त। विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर मेरठ क्षेत्र के विकास कार्यों, जनसमस्याओं तथा श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान धर्मेंद्र भारद्वाज ने मेरठ में बिजली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए। उन्होंने कहा कि बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा फॉल्ट और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि मेरठ पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रमुख धार्मिक केंद्र एवं कांवड़ यात्रा का महत्वपूर्ण मार्ग है। श्रावण मास में बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िये मेरठ से होकर गुजरते हैं और औघड़नाथ मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करते हैं।
धर्मेंद्र भारद्वाज ने कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा कांवड़ मार्गों पर आवश्यक सुविधाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि शिवभक्तों एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का महापर्व है। हर वर्ष मेरठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता, समन्वय और तत्परता के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


No comments:
Post a Comment