स्मार्ट टेस्टिंग लैब को उच्चस्तरीय गुणवत्ता परीक्षणशाला बनाने के निर्देश
मेरठ, 5 अगस्त। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने बुधवार को गंगानगर स्थित आधुनिक स्मार्ट परीक्षणशाला का निरीक्षण कर वहां संचालित गुणवत्ता परीक्षण व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस लैब को अत्याधुनिक एवं उच्चस्तरीय टेस्टिंग प्रयोगशाला के रूप में विकसित करते हुए सभी परीक्षण प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी और मानक अनुरूप बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने परीक्षणशाला में उपलब्ध विभिन्न विद्युत सामग्रियों की परीक्षण प्रक्रिया और गुणवत्ता मानकों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उपकरणों की निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान उन्होंने कंडक्टर, रिले, केबल, ट्रांसफार्मर और मीटर सहित विभिन्न विद्युत सामग्रियों की टेस्टिंग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इस लैब का उपयोग विद्युत सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए किया जाता है।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि आधुनिक परीक्षणशाला विद्युत वितरण प्रणाली में गुणवत्ता नियंत्रण को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे विद्युत सामग्रियों की कार्यक्षमता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ेगी तथा उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता रजनीश कुलश्रेष्ठ, स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह, रोहित कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment