स्कूलों की सेफ्टी ऑडिट में खामी मिली तो बनेगी कार्ययोजना, MDM की गुणवत्ता खराब होने पर NGO का अनुबंध होगा समाप्त

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में बैठक, 14 अगस्त को सभी परिषदीय विद्यालयों में सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का होगा निरीक्षण

मेरठ। एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विद्यालयों की सेफ्टी ऑडिट और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन सभी विद्यालयों का 14 अगस्त को व्यापक निरीक्षण कराया जाए। इसके लिए जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सेफ्टी ऑडिट के दौरान विद्यालयों के भवन की स्थिति, मिड-डे मील (एमडीएम) की गुणवत्ता, शौचालयों की साफ-सफाई, मल्टीपल हैंडवॉश की उपलब्धता, स्वच्छ पेयजल, विद्युत उपकरणों की स्थिति और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। इसके अलावा विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से वितरित यूनिफॉर्म की स्थिति, विद्यालयों में पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था और अन्य कमियों का भी जायजा लिया जाएगा।

कमियों के आधार पर तैयार होगी विद्यालय की कार्ययोजना

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में जो भी कमियां सामने आएंगी, उनका विवरण तैयार किया जाएगा। इसके आधार पर विद्यालयवार कार्ययोजना बनाई जाएगी, ताकि आगामी वर्ष में आवश्यक कार्य कराकर विद्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार किया जा सके।

एमडीएम की गुणवत्ता पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने मिड-डे मील की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में शासन द्वारा निर्धारित मैन्यू के अनुसार ही भोजन वितरित किया जाए। स्वयंसेवी संस्थाओं और एनजीओ द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच कराई जाएगी। यदि किसी संस्था द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता खराब पाई जाती है तो संबंधित संस्था का अनुबंध समाप्त किया जाएगा। साथ ही नियमों के अनुसार संबंधित संस्था के विरुद्ध विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेफ्टी ऑडिट और विद्यालयों की व्यवस्थाओं की जांच में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों की रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मेरठ, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, चीफ इंजीनियर नगर निगम मेरठ सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts