HPV से बचाव का संदेश लेकर निकली जागरूकता रैली
‘आनंदी मां—एक जीवन बचाओ अभियान’ के तहत सेमिनार में विद्यार्थियों को सर्वाइकल कैंसर और टीकाकरण की दी वैज्ञानिक जानकारी
मेरठ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा तथा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के नेतृत्व में महिला अध्ययन केंद्र एवं चरक स्कूल ऑफ फार्मेसी की ओर से संचालित ‘आनंदी मां—एक जीवन बचाओ अभियान (कैंसर मुक्त भारत यात्रा 2026-27)’ के तहत शनिवार को एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग कॉलेज में एक दिवसीय HPV जागरूकता सेमिनार एवं रैली आयोजित की गई।
कार्यक्रम महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक प्रो. बिंदु शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। फार्मेसी प्राचार्य डॉ. वैशाली पाटिल और नर्सिंग प्राचार्या प्रो. एस. बालामणी बोस के समन्वय से आयोजित कार्यक्रम में डॉ. सोनम गुप्ता, असिस्टेंट प्रोफेसर (डीजीओ), ने सर्वाइकल कैंसर के निदान, रोकथाम और HPV टीकाकरण के सही समय के बारे में जानकारी दी। उन्होंने टीकाकरण को लेकर समाज में प्रचलित भ्रांतियों को दूर करने पर भी जोर दिया।
सेमिनार के बाद विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवन और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। फार्मेसी एवं नर्सिंग के विद्यार्थियों ने रैली निकालकर HPV संक्रमण, टीकाकरण और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक किया।
डॉ. वैशाली पाटिल ने बताया कि कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को HPV संक्रमण, HPV टीकाकरण और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति वैज्ञानिक एवं प्रमाण-आधारित जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी भविष्य में स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के महत्वपूर्ण स्तंभ होंगे और रोगियों, उनके परिवारों तथा समाज के सीधे संपर्क में रहेंगे। ऐसे में उन्हें HPV टीकाकरण की सुरक्षा, प्रभावशीलता और समय पर टीकाकरण के महत्व की जानकारी होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने, टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने तथा लोगों को निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रेरित करने में सक्षम बनाना भी अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
अभियान के तहत 4 अगस्त को विश्वविद्यालय में सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन कैंप और 7 अगस्त को नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में डॉ. मीनू तेवतिया, योगाचार्य राखी सिंह, डॉ. शिशिर, डॉ. आशीष सहित नर्सिंग फैकल्टी की उपस्थिति रही।


No comments:
Post a Comment