10 साल पुरानी डीजल वोल्वो बसें NCR से बाहर होंगी
15 साल पुराने वाहनों के परमिट सरेंडर के निर्देश
मेरठ। आयुक्त सभागार में शनिवार को आयुक्त मेरठ मंडल भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक हुई। बैठक में पूर्व में लिए गए निर्णयों की समीक्षा के साथ प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में 10 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी डीजल वोल्वो बसों को एनसीआर क्षेत्र से बाहर अन्य एसपीवी में स्थानांतरित करने के लिए नगरीय परिवहन निदेशालय, लखनऊ को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं, मेरठ एसपीवी को आवंटित 100 बसों में से 50 बसों के संचालन के लिए मेरठ-दिल्ली बाईपास एनएच-58 पर भूमि चिन्हित करने के निर्देश मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को दिए गए।
इसके अलावा 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वाहनों के परमिट सरेंडर कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में मेरठ में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा वाहनों के संचालन से संबंधित प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रबंधन को बेहतर करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक दीपक कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment