बदरीनाथ चढ़ावा चोरी प्रकरण: आरोपी प्रमोद नौटियाल ने कबूला जुर्म, CCTV DVR रिपोर्ट का इंतजार
गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) अब सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। डीवीआर को तकनीकी जांच के लिए देहरादून स्थित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेजा गया है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि रिपोर्ट मिलने के बाद मामले से जुड़े कई अहम सुराग सामने आ सकते हैं।
वहीं, गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट पर भी नजरें टिकी हैं। समिति ने जांच आगे बढ़ाते हुए बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के दो लेखाकर्मियों और तोसाखाना से जुड़े कर्मचारियों को पूछताछ के लिए देहरादून बुलाया है।
पुलिस रिमांड में चोरी की बात स्वीकारने का दावा
एसआईटी के अनुसार, पुलिस रिमांड के दौरान मामले के मुख्य आरोपी और बीकेटीसी के वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल ने दान-चढ़ावे में चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद जांच एजेंसी ने उसके बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच शुरू कर दी है।
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के मुताबिक, जांच में कुछ अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही सभी तथ्य सामने आने की उम्मीद है।


No comments:
Post a Comment