कांवड़ खंडित होने पर कांवड़ियों का हंगामा, पांच लाख के नुकसान का आरोप

एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत के बाद दिल्ली-मेरठ मार्ग पर लगाया जाम, थाने में धरने पर बैठे शिवभक्त

गाजियाबाद। मुरादनगर में सोमवार सुबह कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली और 108 एंबुलेंस की भिड़ंत के बाद जमकर हंगामा हुआ। कांवड़ खंडित होने और ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का आरोप लगाते हुए कांवड़ियों ने दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।

घटना सोमवार सुबह करीब छह बजे मुरादनगर थाना क्षेत्र में रेलवे रोड के पास प्रिया सिनेमा के सामने हुई। बताया गया कि नोएडा निवासी एक दर्जन से अधिक शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली की 108 एंबुलेंस से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

कांवड़ियों का आरोप है कि हादसे में उनकी कांवड़ खंडित हो गई, जबकि ट्रैक्टर को भी करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ। इसके बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और एसीपी मसूरी सर्किल सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया।

कांवड़िये नुकसान की भरपाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में सभी कांवड़िये मुरादनगर थाने पहुंच गए और वहां धरने पर बैठ गए। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस उन्हें समझाने में जुटे रहे।

एसीपी सुनील कुमार के अनुसार, एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। कांवड़ियों को समझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बताया गया कि कांवड़ियों ने मुरादनगर में एक कांवड़ सेवा शिविर में रात विश्राम किया था। सोमवार सुबह वे अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए थे, तभी यह हादसा हो गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts