एमसीयू में मिलेंगी दो पीढ़ियां, ‘अभ्युदय’ में सफलता की कहानी बताएंगे पूर्व विद्यार्थी

18 से 20 अगस्त तक तीन दिवसीय सत्रारंभ समारोह | ‘मैं और मेरा विश्वविद्यालय’ होगी इस वर्ष की थीम | 50 सफल पूर्व विद्यार्थियों से रूबरू होंगे नई पीढ़ी के छात्र

भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) में इस बार सत्रारंभ समारोह केवल नए विद्यार्थियों के स्वागत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विश्वविद्यालय की दो पीढ़ियां आमने-सामने होंगी। विश्वविद्यालय का वार्षिक सत्रारंभ समारोह ‘अभ्युदय 2026’ 18 से 20 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष समारोह की थीम ‘मैं और मेरा विश्वविद्यालय’ रखी गई है।

समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण एमसीयू के वे पूर्व विद्यार्थी होंगे, जिन्होंने विश्वविद्यालय से निकलकर पत्रकारिता, मीडिया, राजनीति, प्रशासन, सिनेमा, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में शीर्ष मुकाम हासिल किया है। करीब 50 सफल पूर्व विद्यार्थी नई पीढ़ी के विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करेंगे और बताएंगे कि विश्वविद्यालय से शुरू हुई उनकी संघर्ष यात्रा किस तरह सफलता के मुकाम तक पहुंची।

गांव-कस्बों से निकले, देश में बनाई पहचान

जनसंपर्क विभाग के अध्यक्ष डॉ. पवित्र श्रीवास्तव ने बताया कि इनमें ऐसे पूर्व विद्यार्थी शामिल हैं, जो ढाई-तीन दशक पहले देश के विभिन्न राज्यों के गांवों और कस्बों से भोपाल आए थे। एमसीयू से शिक्षा लेकर उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बनाई। उनकी संघर्ष और सफलता की कहानियां वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी होंगी।

इन सफल पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों की झलक हाल में प्रकाशित चर्चित पुस्तक ‘माखन के लाल’ में भी देखने को मिली है।

मीडिया के हर क्षेत्र पर होगा मंथन

तीन दिवसीय ‘अभ्युदय’ में प्रिंट, टीवी, डिजिटल मीडिया, विज्ञापन, जनसंपर्क, सिनेमा, प्रबंधन, कंप्यूटर, न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी और सफल उद्यमों सहित मीडिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा होगी। देशभर से विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें बदलते मीडिया परिदृश्य में कॅरिअर की संभावनाओं से अवगत कराएंगे।

डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्व विद्यार्थियों को नई पीढ़ी से जोड़ने की यह पहल आगे भी जारी रहेगी। विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित और अनुभवी पूर्व विद्यार्थियों को लगातार विश्वविद्यालय में आमंत्रित कर विद्यार्थियों के साथ संवाद कराया जाएगा।

गौरतलब है कि ‘अभ्युदय 2025’ में प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास सहित मीडिया जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने विद्यार्थियों से संवाद किया था।

एक नजर में

18-20 अगस्त — अभ्युदय 2026

थीम — ‘मैं और मेरा विश्वविद्यालय’

मुख्य आकर्षण — करीब 50 सफल पूर्व विद्यार्थी

केंद्र — मीडिया, सिनेमा, जनसंपर्क, डिजिटल, विज्ञापन, प्रबंधन और न्यू मीडिया

उद्देश्य — पूर्व विद्यार्थियों के अनुभवों से नई पीढ़ी को प्रेरणा और मार्गदर्शन

No comments:

Post a Comment

Popular Posts