10 करोड़ लोगों को नशामुक्त बनाने के महाअभियान का शुभारंभ
ब्रह्माकुमारीज कालानी नगर सेवाकेंद्र पर लोगों ने ली नशामुक्त जीवन की शपथ
इंदौर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के कालानी नगर स्थित सेवाकेंद्र पर “10 करोड़ लोग नशामुक्त प्रतिज्ञा महाअभियान” का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व बीएसएफ आईजी अशोक कुमार यादव और वैष्णव विद्यापीठ के डायरेक्टर एस.डी. वैष्णव सहित बड़ी संख्या में लोगों ने नशामुक्त जीवन जीने की शपथ ली और समाज को व्यसनमुक्त बनाने का संकल्प लिया।
सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी जयंती ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाना नहीं, बल्कि करोड़ों नागरिकों में जागरूकता, आत्म-जागृति और नशामुक्त जीवन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र से जुड़ा गंभीर विषय है। इससे युवा शक्ति की कार्यक्षमता, स्वास्थ्य और संस्कार प्रभावित होते हैं।
मुख्य अतिथि अशोक यादव ने ब्रह्माकुमारीज संस्था को अभियान के लिए बधाई देते हुए कहा कि संस्था आध्यात्मिक शिक्षा के साथ युवाओं और समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अभियान से जुड़कर जन-जागरण के माध्यम से नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
ब्रह्माकुमारी सुजाता दीदी ने अभियान की आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि देशभर में जन-जागरण कार्यक्रम, प्रतिज्ञा अभियान, युवा संवाद और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।


No comments:
Post a Comment